जिलाशासक शंशाक सेठी ने अधिकारियों संग बैठक कर की समीक्षा
सभी प्रक्रियाएं सरकारी कार्यालय प्रांगणों में ही करने का दिया निर्देश
आसनसोल : जिले अंतर्गत नगर निगम अंचल एवं बीडीओ इलाकों में आधार कार्ड से वंचित लोगों को आधार कार्ड बनाये जाने के मुददे पर शुक्रवार को जिलाशासक कार्यालय में जिलाशासक शशांक सेठी की अध्यक्षता में बैठक हुई. एडीएम (जेनरल) प्रलय राय चौधरी, डीपीएलओ, जिले के बीडीओ उपस्थित थे.
जिलाशासक श्री सेठी ने जिले एवं बीडीओ स्तर पर आधार कार्ड से वंचित लोगों के नामों का ब्यौरा बनाकर पुन: आधार कार्ड निर्माण प्रक्रिया आरंभ किये जाने का निर्देश दिया. विभागीय अधिकारियों स्तर से जिले में नगर निगम एवं बीडीओ इलाके में सर्वे कर आधार कार्ड से वंचित लोगों की सूची बनायी जायेगी. बैठक में शामिल अधिकारियों ने कहा कि कुछ मामलों में दो से तीन बार की प्रक्रिया के बाद भी एक ही परिवार के सभी लोगों के आधार कार्ड नहीं बन पाने की सूचना है.
आधार कार्ड न होने से लोगों को कई सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है. उन्होंने फिर से आधार कार्ड बनाने और पूर्व में बने आधार कार्ड में भूल में संशोधन के लिए कैंप लगाये जाने का निर्देश दिया. आधार कार्ड बनाने संबंधी सभी प्रक्रियाएं सरकारी कार्यालय प्रांगणों में ही आरंभ किये जाने का निर्देश दिया गया. निर्माण कार्य एजेंसी के माध्यम से ही किया जायेगा परंतु प्राइवेट कार्यालयों व आवासों में आधार कार्ड नहीं बनाये जायेंगे.
