कोलकाता: मध्यमग्राम सामूहिक दुष्कर्म कांड के छह आरोपियों में पांच के खिलाफ सोमवार को बारासात के द्वितीय एडीजी कोर्ट में आरोप पत्र पेश किया गया. मामले के एक अन्य आरोपी एंथनी सक्की को सरकारी गवाह बनाया गया है.
सभी छह आरोपियों को सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच बारासात के द्वितीय एडीजी शांतुन झा की अदालत में पेश किया गया. बताया जाता है कि आरोपियों की ओर से किसी वकील के कोर्ट में खड़ा न होने की वजह से कोर्ट में इन सभी के विरुद्ध चाजर्शीट पेश करने में देरी हुई. मामले के मुख्य आरोपी छोटू तालुकदार के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म सहित चार मामले दर्ज किये गये हैं, जबकि चार अन्य आरोपी पापाई राय, राजेश मंडल उर्फ छोटू, राजीव विश्वास उर्फ गोपाल उर्फ टेला और पलाश देवनाथ के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म सहित चार मामले दर्ज किये गये हैं. छठे आरोपी एंथनी ने पूरी घटना बताने के लिए कोर्ट में अरजी दी थी. कोर्ट ने उसकी अरजी को मंजूर कर लिया.
वह कोर्ट को पूरी घटना से वाकिफ करायेगा. इधर, अदालत 25 और 26 फरवरी को मामले में शामिल गवाहों का बयान दर्ज करेगी. मामले में कुल 42 लोग गवाह बनाये गये हैं. इनमें एक गवाह की मौत हो चुकी है.
क्या है मामला
गौरतलब है कि पिछले साल 25 अक्तूबर को उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम के पाटूली शिवतल्ला इलाके में आरोपियों ने बिहार के समस्तीपुर से आयी 16 साल की लड़की से सामूहिक दुष्कर्म किया था. यही नहीं, पीड़िता जब अपने पिता के साथ थाने में शिकायत दर्ज करा कर घटना के दूसरे दिन घर लौट रही थी तब आरोपियों ने दोबारा उसका अपहरण कर गैंग रेप किया. बाद में जब पीड़िता दमदम इलाके में रहने लगी तब आरोपियों के दो साथियों ने पिछले साल 23 दिसंबर को उसे जिंदा जला दिया. 31 दिसंबर को कोलकाता के आरजीकर अस्पताल में पीड़िता की मौत हो गयी.
