कोलकाता: बेटे के जोरदार घुसे ने शिक्षा विभाग में डिस्ट्रिक्ट इंस्पेक्टर के पद पर तैनात मां की जान ले ली. यह दर्दनाक घटना भवानीपुर थाना अंतर्गत एल्गिन रोड स्थित एक फ्लैट में बुधवार को घटी. मृतक महिला का नाम सुक्रीति भट्टाचार्य (46) बताया गया है. वह सॉल्टलेक स्थित विकास भवन में शिक्षा विभाग से जुड़े डिस्ट्रिक्ट इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थी.
मूल रूप से वह मुर्शिदाबाद की रहनेवाली थी और बीते अक्तूबर माह से वे यहां पोस्टेड थी. उधर, आरोपी इंद्रनील भट्टाचार्य (27) को पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर किसी बात को लेकर बेटे इंद्रनील का मां सुक्रीति के साथ विवाद हुआ. इसी दौरान इंद्रनील ने मां को 2-3 जोरदार घुसे जड़ दिये. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण महिला बेहोश हो गयी. उसे एसएसकेएम अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन इलाज के दौरान बुधवार रात करीब 10 बजे महिला ने दम तोड़ दिया.
डॉक्टरों का कहना है कि सिर में अत्यधिक रक्तस्नव व खून का थक्का जमने के कारण महिला की मौत हुई. उधर, बताया जाता है कि आरोपी इंद्रनील मां के साथ रह कर पढ़ाई करता था और वह थैलीसिमिया बीमारी से पीड़ित था. अक्सर मां के साथ उसका झगड़ा होता रहता था. पुलिस घटना के सिलसिले में आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है.
