सिलीगुड़ी: उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी के फुलबाड़ी में मिनी सचिवालय ने सोमवार से अपनी यात्र शुरू कर दी. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मिनी सचिवालय ‘उत्तर कन्या’ का उदघाटन किया. इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार में आने से पहले ही इस बारे में उन्होंने वादा किया था. आज उन्होंने अपना वह वादा पूरा कर दिया. उन्होंने कहा कि वाम शासन में उत्तर बंगाल पूरी तरह से उपेक्षित रहा. इसे देखते हुए जब से वह सरकार में आयी हैं, तब से अब तक 26 बार उत्तर बंगाल आ चुकी हैं.
केएलओ को चेतावनी
कामतापुर लिबरेशन ऑर्गेनाइजेशन (केएलओ) के उग्रवादियों को चेताते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग खून करने व लूट मचाने में विश्वास रखते हैं, उनके साथ कोई नहीं चल सकता है. एक भाषा के नाम पर संवेदना कुछ लोग इस तरह के कार्य कर रहे हैं. उन्होंने साफ कहा कि किसी को भी मारने का अधिकार नहीं है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंसा किसी सूरत में बरदाश्त नहीं की जायेगी. हिंसा के खिलाफ युवाओं को खड़ा होना होगा. कुछ लोग निदरेष लोगों को निशाना बना रहे हैं. हिम्मत हो तो हम को मारो. हिंसा बरदाश्त नहीं करेंगे.
विस्फोट में मरे लोगों के परिजनों को मदद
जलपाईगुड़ी के बाजारापाड़ा में हाल में बम विस्फोट में मारे गये लोगों के निकट परिजनों को उन्होंने मौके पर दो लाख रुपये का चेक व सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंपा. मुख्यमंत्री ने कहा कि मिनी सचिवालय से 18 विभाग काम करेंगे. विभाग के लिए अधिकारी यहां भेजे जायेंगे. साथ ही कामकाज को देखने के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव भी नियुक्त किया जायेगा. यहां से कामकाज शुरू कर दिया गया है. लेकिन पूरे स्तर पर कामकाज में कुछ समय लगेगा. लोगों को अब कोलकाता जाने की जरूरत नहीं होगी. यहां पर आवास भी बनेगा. ऑडिटोरियम भी बन रहा है. यह उत्तर बंगाल के लोगों के लिए उपहार है.
उत्तर बंगाल के लिए कई योजनाएं
उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल के लिए बहुत सारी योजनाएं शुरू की गयी हैं. ब्याज के तौर पर 28 हजार करोड़ रुपये ले लिया जाता है. इसके बावजूद सरकार बिना किसी से भीख मांगे लोगों के लिए काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि बागडोगरा के पास फिल्म सिटी बनायी जा रही है.
रायगंज में मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाया जायेगा. गाजलडोबा में 3500 करोड़ खर्च कर पर्यटन स्थल का विकास किया जा रहा है. दाजिर्लिंग में भी कई परियोजनाएं शुरू की गयी हैं. जलपाईगुड़ी को काट कर अलीपुरद्वार अलग जिला बनाया जा रहा है. इसका काम चल रहा है. मिनी सचिवालय में पहाड़ के लोगों के लिए भी पहाड़िया भवन बनेगा. उन्होंने कहा कि राजवंशी भाषा को स्वीकृति देने के लिए एक विशेषज्ञ कमेटी का गठन किया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार ने जो भी वादा किया है, उसे पूरा करने में विश्वास रखती है. उन्होंने मंत्रियों से कहा कि वे काम को लटका कर नहीं रखें, तेज गति से काम करें.
