कोलकाता: उत्तर 24 परगना जिले के दमदम में चार साल की एक नाबालिग बच्ची से कथित बलात्कार के आरोप में वामपंथी ट्रेड यूनियन नेता श्यामल चक्रवर्ती (50) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक श्यामल पर है कि शुक्रवार शाम को बच्ची घर में अकेली थी, जिस दौरान मौके का फायदा उठाकर श्यामल ने उसके साथ दुष्कर्म किया. उसके माता-पिता के घर वापस लौटने पर दुष्कर्म के मामले का खुलासा हुआ. घटना की शिकायत स्थानीय थाने में दर्ज करायी गयी.
जिसके बाद प्राथमिक इलाज के लिए पीड़िता को बरानगर सरकारी जनरल अस्पताल में भरती किया गया. अस्पताल में बच्ची की मेडिकल जांच करायी गयी. इसकी रिपोर्ट जल्द पुलिस को मुहैया करायी जायेगी. गिरफ्तार आरोपी श्यामल चक्रवर्ती दुर्गा नगर रेल स्टेशन इलाके में श्रमिक यूनियन के नेता बताये जा रहे हैं. घटना के बाद से इलाके में इस घटना को लेकर लोगों के मन में व्यापक रोष है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
