कोलकाता: बंगाल के नये राज्य सचिवालय अर्थात नवान्न भवन की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए शुक्रवार को देर रात यहां एनएसजी के जवानों ने मॉक टेस्ट किया. एनएसजी के जवानों के साथ ही वहां कोलकाता व राज्य पुलिस के हथियार बंद जवानों ने भी इस मॉक टेस्ट में हिस्सा लिया.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले एनएसजी के चार प्रतिनिधियों ने नवान्न भवन के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करते हुए, यहां की सुरक्षा व्यवस्था देखी थी. इसके बाद एनएसजी प्रतिनिधियों ने राज्य के गृह सचिव बासुदेव बनर्जी के साथ बैठक कर तीन जनवरी को नवान्न भवन में सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए मॉक टेस्ट कराने की इजाजत मांगी थी.
गौरतलब है कि उत्तर बंगाल के जलपाइगुड़ी में हुए बम विस्फोट के बाद अब राज्य सरकार भी चौकन्ना हो गयी और राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर करने का निर्देश दिया गया है. हावड़ा जिले में मंदिरतल्ला में बना 14 मंजिला नवान्न भवन को सुरक्षित रखने के लिए राज्य सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है. जानकारी के अनुसार, एनएसजी के प्रतिनिधि नवान्न भवन के साथ-साथ यहां के अन्य प्रशासनिक भवनों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी मॉक टेस्ट किया जायेगा.
