कोलकाता: राज्य के किसानों को स्वनिर्भर बनाने के लिए तृणमूल सरकार ने दो नयी योजनाएं का लांच करने का फैसला किया है. शुक्रवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें किसानों के लिए ‘ आमार फसल आमार गोला ’ व ‘ आमार फसल आमार गाड़ी ’ योजना शुरू करने की मंजूरी दी गयी. बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए राज्य के शहरी विकास व नगरपालिका मामलों के मंत्री फिरहाद हकीम ने बताया कि किसानों को खेती के उपकरण व अन्य जरूरी उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार इन योजनाओं को शुरू कर रही है.
आमार फसल आमार गोला – के तहत साधारण रूप से खेती करनेवाले किसानों को पांच हजार रुपये दिये जायेंगे. इसके साथ ही वैज्ञानिक पद्धति से खेती करनेवाले किसानों को 12 हजार व प्याज की खेती करनेवाले किसानों को 25 हजार रुपये दिये जायेंगे. किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से यह राशि दी जायेगी. उनके बैंक एकाउंट में यह राशि जमा कर दी जायेगी. इस योजना से राज्य के 7931 किसानों को लाभ होगा. इस योजना पर राज्य सरकार द्वारा 7.31 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे.
वहीं, आमार फसल आमार गाड़ी योजना के संबंध में उन्होंने बताया कि इसके तहत किसानों को खेतों से कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए गाड़ी खरीदने के लिए आर्थिक मदद की जायेगी. साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि अब किसान अपने कृषि उत्पादों को सीधे बाजारों में बेच सकेंगे, जिससे उनकी आमदनी बढ़ेगी. इस योजना के तहत किसानों को वेंडिंग कार सहित अन्य वाहन प्रदान किये जायेंगे. किसानों को राज्य सरकार की ओर से 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जायेगी. इस योजना पर कुल 162.70 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे.
