कोलकाता: पार्क स्ट्रीट थाने के रफी अहमद किदवई रोड से रविवार रात 13 साल की एक बच्ची को उठा कर चलती टैक्सी में उससे गैंगरेप का मामला सामने आया है. इस दौरान चार घंटे तक टैक्सी शहर की सड़कों पर दौड़ती रही, लेकिन कहीं उसे मदद नहीं मिली. बदमाश बाद में पीड़िता को उसके घर के पास छोड़ कर फरार हो गये. बच्ची के गुमसुम बैठे रहने के बाद उसकी मां ने उससे इसका कारण पूछा. काफी पूछताछ करने पर उसने मां को आपबीती बतायी. जिसके बाद बेटी को साथ लेकर मां ने इसकी शिकायत पार्क स्ट्रीट थाने में दर्ज करायी.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी मोहम्मद अनवर (32) को गिरफ्तार कर लिया. घटना में शामिल अनवर का एक मित्र व टैक्सी चालक फरार है. आरोपी अनवर को मंगलवार को अलीपुर कोर्ट में पेश किया जायेगा. गौरतलब है कि 2012 के फरवरी महीने में पार्क स्ट्रीट इलाके में चलती कार में एक एंग्लो इंडियन महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी. पीड़ित बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि पार्क स्ट्रीट थाना अंतर्गत रीपन स्ट्रीट में फुटपाथ पर वह अपनी बेटी के साथ रहती है.
रोजाना रात में उसकी बेटी नजदीकी होम (अनाथालय) में सोने चली जाती है. सुबह उठ कर फिर उसके पास आ जाती है. रविवार को वह अपनी बहन से मिलने कोलिंग्स स्ट्रीट गयी थी. वहां से रात 11 बजे के करीब लौट रही थी. रफी अहमद किदवई रोड के पास अचानक उसके सामने एक टैक्सी आकर रुकी. टैक्सी के अंदर मोहम्मद अनवर नाम का एक युवक अपने एक साथी के साथ बैठा था, जो उसके घर के विपरीत में स्थित एक होटल का कर्मचारी था. टैक्सी के अंदर अनवर ने उसकी बेटी को बुलाया. उसे पहचानने के कारण वह टैक्सी में बैठ गयी. उसकी बेटी ने उसे बताया कि अनवर ने उसे कुछ खाने को दिया. वह खाने में लग गयी. अचानक कुछ दूर टैक्सी के जाते ही वह उसके साथ दुष्कर्म करने लगा.
पीड़िता ने बताया कि इस दौरान टैक्सी महानगर के कई रास्तों से गुजरी. उसे सुबह चार बजे उसी स्थान पर छोड़ दिया गया, जहां से उसे उठाया गया था. पीड़िता के बयान पर पुलिस ने अनवर, उसके दोस्त और टैक्सी ड्राइवर के खिलाफ गैंग रेप का मामला दर्ज किया है. संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) पल्लव कांति घोष ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के बाद पार्क स्ट्रीट थाने की पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद अनवर को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़ित किशोरी की मेडिकल जांच करायी गयी है. इस घटना में अनवर के साथी व टैक्सी चालक की तलाश जारी है. जल्द ही उन्हें दबोच लिया जायेगा.
पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल
गौरतलब है कि वर्ष 2012 के फरवरी महीने में पार्क स्ट्रीट में चलती कार में एक एंग्लो इंडियन महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना घटी थी. फिर से इसी इलाके में रविवार देर रात घटी घटना ने फेस्टिवल सीजन में पुलिस के सुरक्षा इंतजाम पर सवाल खड़े किये हैं. जानकारों का मानना है कि इस समय काफी लोग देर रात तक पार्क स्ट्रीट जैसे इलाके में घूमने आते हैं. पुलिस की अतिरिक्त फोर्स इसके लिये तैनात की गयी है. लेकिन रविवार रात को महानगर की सड़कों पर एक किशोरी के साथ चलती टैक्सी में दुष्कर्म की घटना हुई, पर पुलिस बेखबर रही.
