कोलकाता: महानगर में बहुत जल्द महिलाएं भी टैक्सी चलाती नजर आयेंगी. महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार ने उन्हें टैक्सी चलाने का लाइसेंस प्रदान करने का फैसला किया है. यह जानकारी मंगलवार को राज्य के परिवहन मंत्री मदन मित्र ने दी. उन्होंने बताया कि जो महिलाएं टैक्सी चलाना चाहती हैं, उन्हें राज्य सरकार की ओर से इसकी अनुमति दी जायेगी.
महानगर के मुसलिम समुदाय के सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं ने उनके समक्ष इस प्रकार का प्रस्ताव रखा है, जिसे राज्य सरकार ने स्वीकार कर लिया है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से इन महिलाओं को वेस्ट बंगाल माइनॉरिटी डेवलपमेंट एंड फाइनेंस कॉरपोरेशन की ओर से वित्तीय मदद भी दी जायेगी. इसके साथ ही राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं को ड्राइविंग सिखाने के लिए सरकार ने विशेष रूप से ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र खोलने की योजना बनायी है.
गौरतलब है कि जहां एक ओर महिलाओं के साथ ईल घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, वहीं राज्य सरकार ने इसे दरकिनार कर महिलाओं को टैक्सी चलाने की अनुमति प्रदान करने का फैसला किया है. परिवहन मंत्री ने कहा कि इससे महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी और साथ ही नये रोजगार के अवसर भी बनेंगे. राज्य सरकार ने सिर्फ महिलाओं के लिए रेडियो टैक्सी सर्विस शुरू करने की योजना बनायी है.
