कोलकाता: वाममोरचा कार्यकाल के दौरान राज्य सरकार की ओर से शापूरजी पालोनजी ग्रुप को राजारहाट में आइटी पार्क के लिए 100 एकड़ जमीन दी गयी थी, लेकिन कंपनी ने सिर्फ 50 एकड़ जमीन का ही प्रयोग किया है. बाकी 50 एकड़ जमीन बेकार पड़ी हुई हैं. कंपनी ने यहां पर आइटी पार्क बनाने की योजना बनायी थी, लेकिन अब तक इस ओर कंपनी ने कोई ध्यान नहीं दिया है. इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से कंपनी को जमीन पर बनाये जानेवाले प्रोजेक्ट के संबंध में जानकारी देने को कहा है.
इसकी जानकारी देते हुए राज्य के आइटी मंत्री पार्थ चटर्जी ने शुक्रवार को बताया कि राज्य सरकार ने कंपनी को साफ तौर पर कह दिया है कि अगर कंपनी यहां आइटी पार्क बनाना चाहती है तो जल्द से जल्द कार्य शुरू करे, नहीं तो जमीन छोड़ दे.
राज्य सरकार ऐसे जमीन को किसी अन्य कंपनी को दे देगी. इस तरह से जमीन पर कब्जा बनाये रखने का अधिकार सरकार ने किसी को नहीं दिया है. कंपनियों को जमीन दी है, उनको तीन वर्ष के अंदर वहां हर हाल में निर्माण कार्य शुरू करना होगा.
