कोलकाता: राज्य के 127 नगरपालिका क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत करने के लिए राज्य सरकार ने 157 करोड़ रुपये आवंटित किये हैं. इसकी जानकारी देते हुए गुरुवार को राज्य के शहरी विकास व नगरपालिका विभाग के मंत्री फिरहाद हकीम ने राइटर्स बिल्डिंग में बताया कि 127 नगरपालिकाओं को 157 करोड़ रुपये दिये जा चुके हैं और पूजा के पहले सभी रास्तों का मरम्मत करने का निर्देश दिया गया है.
इन 157 करोड़ रुपये में से 71 करोड़ रुपये नगरपालिका विकास फंड के माध्यम से दिया गया है. इसके अलावा 28 करोड़ रुपये रोड टैक्स व 58 करोड़ रुपये राज्य वित्त आयोग के माध्यम से दिये गये हैं.
उन्होंने बताया कि बारिश की वजह से रास्तों का मरम्मत कार्य नहीं हो पा रहा है, अगर 10 दिनों तक लगातार बारिश नहीं होती है तो मरम्मत कार्य इस बीच पूरा कर लिया जायेगा. वहीं, राज्य सरकार द्वारा 127 नगरपालिकाओं के लिए आवंटित किये गये रुपये से सभी रास्तों का मरम्मत पूरा कर पाना असंभव है. एक किलोमीटर रास्ते के निर्माण पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च होते हैं, और राज्य सरकार ने सभी नगरपालिकाओं को औसतन रूप से दो करोड़ रुपये भी नहीं दिये हैं, ऐसे में इतनी कम राशि से सभी रास्तों का मरम्मत कर पाना संभव नहीं है.
