कोलकाता : सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस के एक विधायक ने बीरभूम जिले में एक कांग्रेसी नेता को ‘उनका सर कलम करने’ की खुली धमकी दी. जिले के लाभपुर से तृणमूल कांग्रेस विधायक मनीरुल इस्लाम ने कल पार्टी की एक जनसभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेसी नेता सब्यसाची दत्त को धमकी देते हुए कहा कि वह सुधर जाएं वरना सर कलम कर दिया जाएगा.
इस्लाम ने सैंथिला में जनसभा में कहा, ‘‘बापी (सब्यसाची) दत्त, ध्यान से सुनो. अगर तुमने अपनी हरकतें नहीं सुधारीं तो मुझे तुम्हारा सर कलम करने में एक मिनट नहीं लगेगा. अगर तुमने अपनी हरकतें नहीं सुधारीं तो मेरे लिए तुम्हारा सर कलम करना बहुत आसान हो जाएगा.’’ इस्लाम के इस भाषण का कुछ समाचार चैनलों ने भी प्रसारण किया.
पुलिस ने आज कहा कि दत्त ने इस्लाम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है और कहा है कि इस्लाम ने उन्हें सार्वजनिक रुप से धमकी दी है कि अगर वह तृणमूल कांग्रेस के पंचायत चुनाव अभियान के रास्ते में आए तो उन्हें खत्म कर दिया जाएगा. स्थानीय कांग्रेसी सूत्रों ने कहा कि इस्लाम हाल में फारवर्ड ब्लाक से तृणमूल कांग्रेस में गये थे.
