हबीबपुर (पश्चिम बंगाल) : दूरसंचार, रक्षा और बीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की सीमाएं बढ़ाए जाने पर कांग्रेस नीत संप्रग सरकार पर हमला बोलते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज आरोप लगाया कि यह देश को बेच रही है तथा दावा किया कि यह जल्द ही चली जाएगी.
ममता ने नादिया जिले में यहां एक पंचायत रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘सरकार (केंद्र) द्वारा खुदरा क्षेत्र में एफडीओई को मंजूरी दिए जाने के कारण हम इससे अलग हो गए. अब वे रक्षा, संचार और बीमा..हर चीज को बेच रहे हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानना चाहती हूं कि वे कितना धन हासिल करने के बाद रुकेंगे ? चुनावों के बाद यह सरकार निश्चित रुप से चली जाएगी.’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मुझे दुख होता है कि देश को इस तरह बेचा जा रहा है.’’ पंचायत चुनावों में अकेले लड़ने के फैसले का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के माकपा या भाजपा से संबंध नहीं हो सकते और कांग्रेस से इसका संबंध खत्म हो गया था.
उन्होंने कहा, ‘‘हम अकेले हैं और हमने लोगों का विशाल गठबंधन तैयार किया है.’’ यह दावा करते हुए कि उनकी पार्टी ही असली कांग्रेस है, ममता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की हमेशा माकपा से मिलीभगत रही है.
