हावड़ा : लिलुआ थाना अंतर्गत बेलगछिया इलाके में एक राष्ट्रीयकृत बैंक के एटीएम को गैस कटर की मदद से काट कर चोरों ने करीब 29 लाख रुपये उड़ा लिये. बैंक की ओर से थाने में घटना की शिकायत दर्ज करायी गयी है.
अब तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है. जानकारी के अनुुसार, गुरुवार शाम पांच बजे के करीब स्थानीय लोगों ने देखा कि एटीएम का शटर आधा से अधिक नीचे गिरा हुआ है. संदेह होने पर लोग वहां पहुंचे और शटर को उठाया तो देखा एटीएम को काटा गया है. इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी.
खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित बैंक के अधिकारियों से संबंध साधा. प्राथमिक जांच में पुलिस ने बताया कि एटीएम से 29 लाख रुपयों की चोरी हुई है. डीसी (उत्तर) वाई रघुवंशी ने बताया कि एटीएम में सीसीटीवी लगा हुआ था. बैंक से सीसीटीवी फुटेज मांगा गया है. फुटेज मिलने के बाद जांच में प्रगति होगी. उल्लेखनीय है कि करीब डेढ़ साल पहले बेलगछिया इलाके के तीन एटीएम में चोरी हुई थी.
गैस कटर की मदद से एटीएम को काटा गया था. चोरों ने उस समय तीन एटीएम से 27 लाख रुपयों की चोरी की थी. वहीं, पिछले दिनों सिटी पुलिस की ओर से शहर के सभी बैंक अधिकारियों के साथ लगातार बैठक की गयी थी. बैठक में बैंक अधिकारियों को एटीएम की सुरक्षा पुख्ता करने के निर्देश दिये गये थे. एटीएम में सीसीटीवी लगाये जायें, लेकिन इसके पहले ही चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया.
