महात्मा गांधी रोड व कॉलेज स्ट्रीट मार्केट क्रॉसिंग के पास शुक्रवार शाम 7.30 बजे की घटना
हाथों से खून बहते हालत में मालिक तक पहुंचा कर्मचारी, बताया कि ब्लेड मार कर बदमाशों ने लूट लिये रुपये
चिकित्सा के दौरान डॉक्टरों ने बताया: किसी के प्रहार से नहीं, खुद के काटने से हुआ है यह जख्म
कोलकाता : कालीपूजा में जुए में मोटी रकम हार जाने के बाद उस रुपये की भरपाई करने के लिए एक कर्मचारी ने खुद के साथ लूट की वारदात होने की झूठी कहानी रच डाली. घटना शुक्रवार शाम 7.30 बजे की है. मेडिकल जांच में चिकित्सकों की राय मिलने पर पुलिस ने उस कर्मचारी को झूठी कहानी बनाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार कर्मचारी का नाम सौरभ सेनापति है. वह दक्षिण 24 परगना के सुभाषग्राम का रहनेवाला है. उसके पास से पांच लाख रुपये में से अधिकतर रुपये बरामद भी कर लिये गये हैं.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक नवंबर को अजय मोदी नामक एक व्यापारी ने जोड़ासांको थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी. उन्होंने कहा कि उनके कर्मचारी को धारदार हथियार से घायल कर बदमाशों ने उससे पांच लाख रुपये लूट लिये हैं.
मामले की जांच के लिए जोड़ासांको थाने के प्रभारी मुकुल रंजन घोष ने थाने के सब-इंस्पेक्टर फहाद सोहेल व प्रीतम विश्वास के नेतृत्व में जांच टीम बनायी. इसके बाद जख्मी कर्मचारी को कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, वहां चिकित्सकों ने इसे खुद से किया हुआ जख्म बताया. उनका कहना था कि किसी हमलावर के हमले में ऐसे जख्म नहीं होते, जो सौरभ के हाथों में देखे गये हैं.
इसके बाद पुलिस का संदेह और गहरा हो गया. पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर कर्मचारी ने पूरी कहानी रचने का खुलासा किया. उसने कहा कि कालीपूजा में वह मोटी रकम जुए में हार गया था. उसकी भरपाई करने के लिए उसने यह कहानी रची थी. गिरफ्तार आरोपी से बाकी रुपये बरामद करने की कोशिश जारी है.
