रंगदारी के लिए सीएल जामबाद कोलियरी में वारदात से कोयलांचल में सनसनी

रंगदारी भुगतान न करने पर हत्या की पहली घटना से भारी दहशत

हरिपुर (अंडाल) : केंदा एरिया अंतर्गत सीएल जामबाद कोलियरी में शनिवार को आइएनटीटीयूसी से संबद्ध कोयला खदान श्रमिक कांग्रेस (केकेएससी) के शाखा सचिव व इसीएल कर्मी केदार पाल की कथित पिटाई से ठेकेदार असीम मुखर्जी की मौत हो गयी. आरोप है कि कमीशन देने से इनकार करने पर असीम की हत्या कर दी गयी.

मृतक के भाई सह अधिवक्ता अनूप मुखर्जी ने अंडाल थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है. उन्होंने कहा कि तृणमूल नेता संदीप सरकार ने प्राथमिकी न करने के लिए पांच लाख रुपये का लालच दिया. बढ़ते दबाव के बाद आरोपी केदार ने थाने में सरेंडर कर दिया. क्षेत्रीय महाप्रबंधक एनसी दास ने कहा कि पुलिस रिपोर्ट मिलने पर उचित कार्रवाई की जायेगी.

इधर, असीम की मौत की सूचना मिलने के बाद उसकी पत्नी चिन्मई मुखर्जी ने आसनसोल ग्राम स्थित आवास में फांसी लगा कर आत्महत्या करने की कोशिश की. इस घटना से पूरे कोयलांचल में औद्योगिक माहौल को लेकर नये सिरे से सवाल उठने लगा है.

कैसे हुई घटना: ठेकेदार असीम के अंतर्गत कार्यरत मिस्त्री सह घटना के प्रत्यक्षदर्शी कार्तिक धीवर ने बताया कि शनिवार की सुबह सीएल जामबाद कोलियरी के वर्कशॉप के पास असीम ने बाइक खड़ी की और हेलमेट बाइक पर रख मोबाइल फोन से किसी से बात करने लगा. केकेएससी के शाखा सचिव केदार अचानक वहां आये तथा असीम का हेलमेट निकाल कर फेंक दिया.

इसका विरोध करने पर केदार ने असीम के साथ मारपीट शुरू कर दी. पिटाई के बाद असीम जमीन पर गिर पड़ा. स्थिति बिगड़ते देख केदार वहां से भाग निकला. इसकी सूचना मिलने के बाद तुरंत कोलियरी मैनेजर सत्यकाम आनंद आये और अपनी कार से असीम को केंदा एरिया अस्पताल ले गये.

चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौत की पुष्टि होते ही कोलियरी क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. बड़ी संख्या में अधिकारी, आपूर्तिकर्ता व ठेकेदार अस्पताल पहुंचे. तनाव गहराने लगा. ठेकेदारों व आपूतिकर्ता का आरोप था कि रंगदारी के लिए हत्या की गयी है और हत्यारे को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे पूरे क्षेत्र का चक्का जाम कर देंगे.

इधर, बढ़ते दबाब के तहत आरोपी केदार ने उखड़ा फांड़ी में पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. अंडाल थाना प्रभारी तापस पाल ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. रविवार को उसे दुर्गापुर महकमा के एसीजेएम कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जायेगा.

उससे वरीय पुलिस अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि केदार के खिलाफ रंगदारी मांगने की बात कही गयी है. इसकी जांच की जा रही है.

फिर गड़बड़ा गया औद्योगिक माहौल

हत्या की इस घटना के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का यह दावा पूरी तरह से खोखला साबित हुआ है कि पार्टी किसी भी हालत में रंगदारी वसूली को प्रश्रय नहीं देगी. इस घटना में भी रंगदारी वसूली का मामला सामने आया है. इसके पहले श्याम सेल के दो वरीय अधिकारियों को रंगदारी के लिए बुरे अंजाम की धमकी दी गयी थी. उन्होंने मुख्यमंत्री से सुरक्षा की गुहार लगायी थी.

बाद में उनका तबादला ओड़िशा सुरक्षा कारणों से कर दिया गया. इसे मुख्यमंत्री ने मामूली घटना करार दिया था. इसके बाद सत्यम कारखाने के सप्लायर से भी रंगदारी की मांग की गयी थी. दोनों ही मामलों में पुलिस ने जमानती धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की तथा कोर्ट से उसे आसानी से जमानत मिल गयी. मुख्यमंत्री व स्थानीय पुलिस की इस भूमिका का परिणाम ठेकेदार की हत्या के रूप में सामने आया है. इस घटना के बाद अधिकारी व व्यवसायी भारी दहशत में हैं.

घटनास्थल पर पहुंचे परिजन

असीम की मौत की सूचना मिलते ही परिजन क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे. स्थिति लगातार विस्फोटक होने लगी तथा तृणमूल नेताओं व पुलिस पर दबाव बढ़ने लगा. तृणमूल के कुछ नेता इस मामले को मामूली विवाद बताकर इसे सलटाने में लग गये.

लेकिन मृतक के परिजन किसी भी सूरत में समझौते के लिए तैयार नहीं थे. इसके बाद मृतक के भाई अनूप ने अंडाल थाने में केदार के खिलाफ हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी.

तृणमूल नेता की पिटाई से ठेकेदार की मौत

रंगदारी के लिए सीएल जामबाद कोलियरी में वारदात से कोयलांचल में सनसनी

रंगदारी भुगतान न करने पर हत्या की पहली घटना से भारी दहशत

हरिपुर (अंडाल) : केंदा एरिया अंतर्गत सीएल जामबाद कोलियरी में शनिवार को आइएनटीटीयूसी से संबद्ध कोयला खदान श्रमिक कांग्रेस (केकेएससी) के शाखा सचिव व इसीएल कर्मी केदार पाल की कथित पिटाई […]