।।संवाददाता।।
कोलकाताः राज्य में लचर स्वास्थ्य व कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए वाममोरचा ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है. राज्य वाममोरचा कमेटी की बैठक के बाद राज्य वाममोरचा के चेयरमैन विमान बसु ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि सरकारी मशीनरी ने काम करना बंद कर दिया है. इंसेफलाइटिस महामारी का रूप धारण कर चुकी है और मुख्यमंत्री कह रही हैं कि उन्हें इस बाबत पता ही नहीं है. मुख्यमंत्री यदि ऐसा कह रही हैं तो इसका मतलब है कि राज्य में प्रशासनिक तंत्र नहीं है.
मुख्यमंत्री कितनी बार सिलीगुड़ी व दाजिर्लिंग के दौरे पर गयी हैं. बागडोगरा हवाई अड्डे के रास्ते में ही उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचता है. यदि वह अपना 15 मिनट यहां देती तो देख पाती कि यहां मरीजों को रखने की जगह तक नहीं है. आसपास के सभी इलाकों से मरीजों को वहां रेफर किया जा रहा है. स्वास्थ्य परिसेवा पूरी तरह से चरमरा गयी है. राज्य वाममोरचा इसकी कड़ी निंदा करता है. राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर निशाना साधते हुए श्री बसु का कहना था कि ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जिसमें स्थानीय क्लबों के सदस्यों पर महिलाओं के उत्पीड़न का आरोप लगा है.
जांच में शायद देखा जाये तो पता चलेगा कि उक्त क्लब को भी सरकार ने आर्थिक मदद दी होगी. राज्य में जो वातावरण है वह महिलाओं की सुरक्षा में विघ्न डाल रहा है. महिलाएं सुरक्षा का अभाव महसूस कर रही हैं. एसएससी के लिए आंदोलनकारी छात्रों के मामले में भी राज्य सरकार का रवैया ठंडा देखने को मिल रहा है. कुल मिलाकर राज्य की कानून व्यवस्था व प्रशासनिक स्थिति चरमरा गयी है. इसे दुरुस्त करने के लिए तत्काल कदम उठाना होगा. वाममोरचा भी लोकतांत्रिक आंदोलनों के माध्यम से इस संबंध में जागरूकता अभियान चलायेगा.
