मदारीहाट : पुलिस और प्रशासन की ओर से जागरूकता की कोशिशों के बावजूद डुआर्स में ‘बच्चा चोर’ की अफवाह बेलगाम है. बुधवार की शाम अलीपुरद्वार जिले के मदारीहाट के शाला मंडल चौपथी इलाके में सात लोगों पर कुछ ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया. इस हमले में तीन लोग घायल हुए हैं. बाकी को मामूली चोट आयी है.
जानकारी के मुताबिक, सात लोग एक मारुति वैन के जरिये रसोईघर का सामान बेच रहे थे. बताया जाता है कि बच्चा पकड़नेवाला गिरोह का सदस्य होने का आरोप लगाकर इन लोगों पर हमला किया गया. खबर पाकर मदारीहाट थाना पुलिस पहुंची और सातों को बचाकर मदारीहाट अस्पताल लायी जहां उनका उपचार किया गया.
मदारीहाट थाना प्रभारी अनिर्वाण मजूमदार ने बताया कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है. इस विषय को लेकर विभिन्न इलाकों में जागरूकता शिविर भी आयोजित किये जा रहे हैं. गौरतलब है कि बच्चा चोर होने के संदेह में हाल में भीड़ की हिंसा की कई घटनाएं हो चुकी हैं.
