आसनसोल : नियामतपुर जीटी रोड पर चक्रवर्तीपाड़ा निवासी पुष्पा गोयल से 1.5 लाख रुपये व उनके मोबाइल फोन की छिनतई मामले में पुलिस रिमांड पर गये तीन आरोपी रवि पासवान, अंकुर प्रसाद तथा प्रेमलाल श्रीवास्तव की रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद कुल्टी थाना पुलिस ने उन्हें सोमवार को पुनः आसनसोल जिला कोर्ट के सीजीएम के समक्ष पेश किया.
सीजीएम ने आरोपियों की जमानत खारिज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. ज्ञात हो कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से चोरी हुए 44 हजार रुपये नकद बरामद किया था. रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने बीते 27 जनवरी को शामिल तीनों आरोपियों के घर पर छापेमारी कर उनके घर से एक लाख छह हजार रुपये सहित घटना को अंजाम देने में व्यवहृत बाइक बरामद की है.
सनद रहे कि बीते 20 जनवरी की रात आठ बजे व्यवसायी विजय गोयल की पत्नी पुष्पा गोयल अपने दुकान बंद होने के बाद एक काले रंग के बैग मे अपना मोबाइल सहित डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर अपने घर चक्रबर्तीपाड़ा जा रही थीं. उसी दौरान नियामतपुर जीटी रोड पर बाइक सवार दो अपराधी उक्त रुपये से भरे बैग को छीनकर मौका देखकर वहां से फरार हो गए.
उनकी पत्नी पुष्पा आरोपियों के पीछे काफी दूर तक दौड़ी थीं लेकिन तब तक आरोपी भाग गये थे. फिलहाल चोरी हुए सभी रुपये पुलिस ने बरामद कर लिया है.
