आसनसोल / रूपनारायणपुर : कोयला चोरी को केंद्र कर बाराबनी थाना क्षेत्र के मदनपुर और खोसनगर के ग्रामीणों के बीच शुक्रवार को जमकर मारपीट और बमबारी हुयी. दो डंपरों और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया.
पुलिस ने दो बम भी बरामद किया, घटना में मदनपुर इस्लामपाड़ा के तीन युवक शेख सुभान, शेख अजरुद्दीन और शेख बादशाह गंभीर रूप से घायल हुए. जिनका ईलाज जिला अस्पताल में चल रहा है .
पथराव में थाना प्रभारी अजय मण्डल और अवर निरीक्षक मोहिनी मोहन होता घायल हो गये. खोसनगर के ग्रामीणों ने दो घंटे तक कपिस्ता दोमुहानी मुख्य सड़क जाम किया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स को उतारा गया है.
दोनों गांवों में पुलिस का अस्थायी शिविर लगाया गया है. किसी की गिरफ्तारी नहीं हुयी है. एडीसीपी (वेस्ट) अनामित्र दास, एसीपी (वेस्ट) शान्तब्रत चंद, सीआई अभिजित चटर्जी ने दौरा किया. पुलिस आयुक्त लक्ष्मीनारायण मीणा ने कहा कि दो गुटों के बीच आपसी संघर्ष है. स्थिति नियंत्रण में है. जांच की जा रही है.
बाराबनी थाना क्षेत्र में आईसीएमएल के सरसातली और इसीएल के गौरांडी ओसीपी से कोयला चोरी की वर्चस्व को लेकर मदनपुर और खोसनगर के कोयला चोरों में अक्सरहां विवाद होता रहता है.
शुक्रवार की सुबह सरसोतली खदान से बाइक पर कोयला ले जाने को लेकर मदनपुर और खोसनगर के कोयला चोरों में विवाद हुआ और समाप्त हो गया. सुबह साढ़े आठ बजे मदनपुर इस्लामपाड़ा के शेख सुभान, शेख अजरुद्दीन और शेख बादशाह एक साथ दोमुहानी बाजार जा रहे थे. उसी दौरान खोसनगर के कुछ युवकों ने इन्हें घेर कर हमला कर दिया.
जिसमें तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. इसकी सूचना मदनपुर के लोगों को मिलते ही यहां के लोगों ने उक्त तीनों को बचाने के लिए आने पर इनलोंगों पर भी हमला किया.
मामला शांत होते ही तीनों घायलों को स्थानीय केलेजोड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालात गंभीर देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
इसके उपरांत मदनपुर के लोग गोलबंद होकर खोसनगर गांव पर हमला कर दिया. जम कर बमबारी की. ग्रामीणों ने डंपर में तोड़फोड़ की. पुलिस वाहन पर भी पथराव हुआ. जिसमें वाहन क्षतिग्रस्त हो गया.
अवर निरीक्षक श्री होता घायल हुए. उनके हाथ में चोट लगी है. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रैफ उतारा गया. दोनों गांवों में पुलिस का अस्थायी कैम्प लगाकर पुलिस की तैनाती की गयी है.
