दिनहाटा : तृणमूल कांग्रेस की गुटीय लड़ाई अब तृणमूल युवा के भीतर ही होने लगी है. इसी क्रम में तृणमूल युवा के दिनहाटा नगर-ब्लॉक कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के वाहन को क्षतिग्रस्त करने के बाद सोमवार की रात को दिनहाटा शहर के थानापाड़ा इलाके में तृणमूल छात्र परिषद से निष्कासित पूर्व जिलाध्यक्ष सावीर साहा चौधरी के घर पर हमले के अलावा उनके वाहन में तोड़फोड़ की गयी. इस संबंध में पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज करायी गयी है.
वहीं, विधायक उदयन गुहा और तृणमूल युवा के नगर-ब्लॉक अध्यक्ष अजय राय ने इस हमले के पीछे राजनीतिक मकसद से इंकार किया है. अजय राय ने तो कहा है कि सावीर राय चौधरी ने कुछ लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से रुपए लिये थे. ये लोग काफी दिनों से चक्कर लगा रहे थे.
संभव है कि उन्होंने ही इस घटना को अंजाम दिया हो. अजय राय ने बताया कि सावीर के घर के बाहर ही सीसीटीवी कैमरा लगा है. उसे खंगालने पर ही पूरा मामला स्पष्ट हो जायेगा.
गौरतलब है कि दिनहाटा के पेटला में अजय राय के वाहन में भी कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की गयी थी. इसके खिलाफ दिनहाटा थाने में शिकायत दर्ज कराने के अलावा संगठन की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को पथावरोध और धिक्कार रैली भी निकाली गयी थी.
सावीर साहा चौधरी की भाभी गार्गी साहा चौधरी ने बताया कि उनके ससुर कैंसर के मरीज हैं. सोमवार की रात को तीन युवक मोटरबाइक पर आये और उन्होंने सावीर साहा चौधरी को नाम लेकर पुकारा. उनके बारे में विस्तृत जानकारी लेनी चाही.
गार्गी जैसे ही अपने कमरे में दाखिल हुई तो युवकों ने सावीर के वाहन में तोड़फोड़ की. उधर, खुद सावीर साहा चौधरी ने बताया कि दिनहाटा कॉलेज के छात्र अलक निताई दास के हत्या के मामले में उनका नाम जानबूझकर फंसाने के लिये जोड़ा गया है. इसके पीछे राजनीतिक साजिश है.
इस संबंध में विधायक उदयन गुहा ने कहा कि हमले की यह घटना समाज विरोधियों का है. सावीर साहा चौधरी को तृणमूल से निष्कासित कर दिया गया है. पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच के लिये कहा गया है.
वहीं, दिनहाटा के एसडीपीओ उमेश गणपत खंडेलवाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर घटना की छानबीन की जा रही है.
