सिलीगुड़ी : सिंडिकेटराज की आड़ में उद्योगपति से रंगदारी वसूलने के मामले में पुलिस के हत्थे चढ़े दो रंगदारों के बावजूद अन्य आरोपी अब भी पुलिस के पकड़ से फरार हैं. एनजेपी थाना अंतर्गत आमबाड़ी चौकी की पुलिस अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने के लिए लगातार धर-पकड़ मुहिम चला रही है.
विदित हो कि सिलीगुड़ी व आस-पास में सिंडिकेट राज की आड़ में कथित भू-माफियाओं व रंगदारों द्वारा बड़े-बड़े कल-कारखानों के लिए निवेश करनेवाले उद्योगपतियों व निवेशकों से रंगदारी वसूली जा रही है ऐसे ही एक मामले में सिलीगुड़ी मेट्रॉपोलिटन पुलिस के एसीपी (ईस्ट) अचिंत गुप्त, एनजेपी थाना के इंस्पेक्टर अनिर्वाण भट्टाचार्य के पहल पर आमबाड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवायी करते हुए तीन दिन पहले दो आरोपी रंगदारों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया था.
लेकिन उक्त मामले में अन्य आरोपी अब भी फरार हैं. पुलिस का कहना है कि हर संभावित ठिकानों पर पुलिस नजर गड़ाये हुए है. साथ ही धर-पकड़ के लिए इलाके में लगातार मुहिम भी चलायी जा रही है. उक्त घटनाक्रम के बाद से अन्य सभी आरोपी इलाके छोड़ चुके हैं और अंडरग्राउंड हो गये हैं.
यहां उल्लेखनीय बात यह है कि सिलीगुड़ी के उद्योगपति अनुप अग्रवाल ने ही दो दिसंबर यानी रविवार की रात को आमबाड़ी पुलिस चौकी में सिंडिकेटराज चलाने वाले राजगंज प्रखंड के बलराम इलाके के निवासी लोकमान गनि, अजिजुर रहमान व हुसैन अली (लंबु) के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दायर करायी थी.
पुलिस ने भी आनन-फानन में बलराम इलाके में मुहिम चलायी और उसी रात को उनके गुप्त ठिकाने से लोकमान व अजिजुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. लेकिन हुसैन अली व सिंडिकेट से जुड़े अन्य गुर्गे अभी तक पुलिस के पकड़ में नहीं आ सके.
