कोलकाता : कोलकाता के एक मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिला देने के नाम पर दिल्ली की एक छात्रा के परिवारवालों से मोटी रकम मांगने की कोशिश करते दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी के नाम विष्णुदेव प्रमाणिक (36) व चंदन पांडा (35) बताये गये हैं. विष्णुदेव को एसएसकेएम अस्पताल व चंदन को तमलुक से गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के आरके पूरम की रहनेवाली सपना ठाकुर को एम हक नामक एक व्यक्ति ने फोन किया. उसने बताया कि दक्षिण कोलकाता के बजबज स्थित जगन्नाथ गुप्ता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस कॉलेज में उसे मैनेजमेंट कोटा से दाखिला मिल जायेगा, लेकिन कोलकाता आकर उसे इसके लिए 30 लाख रुपये देने होंगे.
- दिल्ली की छात्रा को बजबज के इंस्टीट्यूट में दाखिला दिलाने के लिए मांगे थे 30 लाख
- कोलकाता आने के बाद लिया था छह लाख का चेक
- बाकी रुपये लेने के लिए एसएसकेएम अस्पताल पहुंचने पर हुआ गिरफ्तार
यह सुन कर सपना ठाकुर अपने पिता व पिता के एक दोस्त के साथ कोलकाता आयी. उसे पार्क सर्कस में एक होटल में ठहराया गया और चंदन पांडा के नाम पर विष्णुदेव प्रमाणिक ने उससे छह लाख रुपये का चेक लिया.
बाकी रुपये नगदी लेने के लिए उसे एसएसकेएम अस्पताल में बुलाया गया. इसी बीच आरोपियों की बातों पर संदेह होने पर इसकी जानकारी भवानीपुर थाने की पुलिस को दी गयी. इसके बाद पुलिस ने रुपये लेने के लिए विष्णुदेव प्रमाणिक के एसएसकेएम अस्पताल पहुंचने पर उसे गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उसके साथी चंदन पांडा को गिरफ्तार किया गया.
