नकेल. 35 से अधिक भू-माफिया गिरफ्तार, 50 लोगों ने किया सरेंडर, 29 दिनों बाद हिम्मत की और बढ़ी परेशानी

सिलीगुड़ी : भूमाफिया के आरोप में गिरफ्तार सिलीगुड़ी के हैवीवेट तृणमूल नेता जय प्रकाश चौहान उर्फ हिम्मत को अदालत ने फिर से 7 दिन की रिमांड का निर्देश दिया है. इस बार हिम्मत की रिमांड हिरासत सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नरेट की खुफिया विभाग को मिली है. हिम्मत के खिलाफ जमीन की हेराफेरी करने के एक […]

सिलीगुड़ी : भूमाफिया के आरोप में गिरफ्तार सिलीगुड़ी के हैवीवेट तृणमूल नेता जय प्रकाश चौहान उर्फ हिम्मत को अदालत ने फिर से 7 दिन की रिमांड का निर्देश दिया है. इस बार हिम्मत की रिमांड हिरासत सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नरेट की खुफिया विभाग को मिली है. हिम्मत के खिलाफ जमीन की हेराफेरी करने के एक और नये मामले की छानबीन खुफिया विभाग कर रही है. हिम्मत की बारी-बारी से पुलिस रिमांड का 22 दिन बीत चुका है. सात दिन का और निर्देश रिमांड का दिन 29 पर पहुंच जायेगा. वहीं दूसरी तरफ बचाव पक्ष हाईकोर्ट में जाने की तैयारी कर रहा है.
उल्लेखनीय है कि राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भूमाफिया पर नकेल कसने का निर्देश मिलते ही सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया.
लगातार अभियान चलाकर पुलिस ने भूमाफिया से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक भूमाफिया से जुड़े करीब 35 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. जबकि 50 से अधिक लोगों ने अदालत में आत्मसमर्पण किया है. इधर,हिम्मत के खिलाफ कई सारे नये मामलों को लाकर पुलिस ने छानबीन शुरू की है.
ऐसे कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि सरकारी रूपये का दुरूपयोग कर माटीगाड़ा के अठारहखाई ग्राम पंचायत से होकर बहने वाली पंचनई नदी की जमीन पर अवैध कब्जा व उसकी विक्री व बेलडांगी, तुंबाजोत आदि इलाके में जमीनों की हेराफेरी करने वालों के खिलाफ प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठी है. हांलाकि सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नर भरत लाल मीणा का कहना है कि पुलिस अपना काम कर रही है.
अदालत ने सात दिन की रिमांड पर भेजा, खुफिया विभाग के अधिकारी करेंगे पूछताछ
गिरफ्तार हिम्मत के खिलाफ जमीन की हेराफेरी करने का एक और नया मामला सामने आया है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के सिलीगुड़ी से सटे देवीडांगा के उत्तर पलाश इलाके में वर्षों पहले शहर की एक नामचीन आश्रम ने करीब दस एकड़ जमीन खरीदी थी. उस जमीन व सरकारी कागजात में हेराफेरी का आरोप हिम्मत पर लगा है. इस मामले की छानबीन खुफिया विभाग कर रही है. यहां बता दे कि बीते 4 अगस्त की शाम प्रधान नगर थाना पुलिस ने हिम्मत को गिरफ्तार किया.
अगले दिन अदालत ने उसे 8 दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया. रिमांड के चौथे दिन ही उसकी तबीयत बिगड़ने पर उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के प्रिजनर सेल में भर्ती कराया गया. 13 अगस्त को फिर से हाजिर करने पर अदालत ने पुलिस व सरकारी पक्ष की दलील पर उसकी जमानत याचिका को खारिज कर 5 दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया. 18 अगस्त को फिर हाजिर करने पर अदालत ने जमानत याचिका खारिज कर 9 दिन पुलिस रिमांड का निर्देश दिया. बीते 26 अगस्त को रिमांड की अवधि समाप्त होने पर सोमवार उसे फिर से सिलीगुड़ी एसीजेएम अदालत में पेश किया गया.
सोमवार को उत्तर पलास स्थित आश्रम वाली दस एकड़ जमीन की विक्री में फर्जीवाड़े को अदालत के सामने रखकर खुफिया विभाग ने पूछताछ के लिए 14 दिन की रिमांड मांगी. अदालत ने हिम्मत को सात दिन की रिमांड पर खुफिया विभाग को सौंप दिया है. हिम्मत के बचाव पक्ष के वकील संजय साहा ने बताया कि एक गहरी साजिश के तहत उनके मुअक्किल को फंसाया जा रहा है. पुलिस झूठे मामले अदालत के समक्ष लाकर रिमांड मांग रही है. रिमांड की अवधि अब करीब एक महीने तक की हो गयी. इसके खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >