कोलकाता : कोलकाता के कई इलाकों में एटीएम फ्रॉड के मामले में दक्षिण दिल्ली से गिरफ्तार दो एटीएम फ्रॉड के आरोपी वारदात को अंजाम देने के पहले नेपाल गये थे. प्राथमिक पूछताछ में गिरफ्तार रोमानियन नागरिकों ने यह खुलासा किया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार रोमानियन नागरिक कॉलीन दिमिग्र और ओभिडियू सिमियन ने बताया कि मार्च महीने में कोलकाता के कसबा इलाके में डेढ़ महीने तक रहकर कार्ड धारकों की जानकारी जुटाने के बाद वह वापस दिल्ली चले गये.
वहां से जुलाई महीने में वह नेपाल गये थे. दो दिन वहां रहने के बाद वह फिर से दिल्ली लौट आये थे. इसके बाद कोलकाता में एटीएम काउंटर से चुराये गये ग्राहकों के कार्ड की जानकारी देकर क्लोन कार्ड के जरिये वे रुपये निकाले थे. दोनों ने यह भी बताया कि नेपाल में रहने के दौरान उनके पास सभी ग्राहकों के कार्ड की जानकारी मौजूद थी. लेकिन नेपाल में वे किस काम के लिए गये थे, इस जवाब पर दोनों जांच अधिकारियों को अलग जवाब देकर जांच की गति भटकाने की कोशिश कर रहे हैं.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक उन्हें जांच में पता चला है कि नेपाल में तीन रोमानियन नागरिक वर्ष 2016 में एटीएम फ्रॉड मामले में गिरफ्तार हुए थे. नेपाल पुलिस से कोलकाता पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है. इधर दिल्ली पुलिस के हाथों वहां के एटीएम फ्रॉड के मामले में गिरफ्तार आर्मी के रिटायर्ड कर्नल से भी कोलकाता पुलिस पूछताछ की तैयारी कर रही है. जिससे इस मामले में जुड़े प्रमुख आकाओं तक पहुंचने का कोई सुराग मिल सके.
