केंद्रीय भाजपा के दल ने संदेशखाली जा कर लिया हालात का जायजा
गृहमंत्रालय और पीएमओ से कार्रवाई के लिए कह सकती है भाजपा
कोलकाता : उत्तर 24 परगना के संदेशखाली की घटना पर भाजपा ने सख्त रुख अपनाया है. केंद्रीय भाजपा के एक प्रतिनिधिदल के संदेशखाली का दौरा करने के बाद पार्टी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि राज्य सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले नहीं रोक पाती है तो इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय को हस्तक्षेप करने के लिए कहा जा सकता है.
संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा सांसद व पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले किसी सूरत में बरदाश्त नहीं किये जायेंगे. पार्टी शांत नहीं बैठेगी. इस बाबत रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह को दी जायेगी. नकवी का कहना था कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला केवल हिंसा की घटना नहीं बल्कि आतंक की घटना थी. यह साफ है कि यह सबकुछ सरकार के संरक्षण में हो रहा है. पिछली वाममोरचा सरकार के तरीकों को अपनाकर हिंसा की जा रही है.
चुनाव के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले सिर्फ बंगाल में ही देखने को मिला है. नकवी ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था वाम शासन से भी ज्यादा बुरी हालात में है. जिस तरह से शासन द्वारा प्रशासनिक मशीनरी का लोगों को डराने-धमकाने में प्रयोग किया जा रहा है वह निंदनीय है. ’
उधर, भाजपा प्रतिनिधि दल ने राज्य के मुख्य सचिव संजय मित्र से मिलकर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा. बाद में संवाददाताओं से बातचीत में प्रतिनिधिदल ने कहा कि वह मुख्य सचिव के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं. पुलिस को दोषियों को जल्द गिरफ्तार करना चाहिए. सभी पीड़ितों ने दोषियों के नाम बताये हैं लेकिन वह खुलेआम घूम रहे हैं. पुलिस उलटे पीड़ितों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है.
क्या है मामला
शनिवार को भाजपा प्रतिनिधिदल संदेशखाली के हालदार भेड़ी इलाके में गया, जहां 27 मई को पार्टी के करीब 24 कार्यकर्ताओं को गोली मारकर घायल कर दिया गया था. प्रदेश भाजपा के आग्रह पर पार्टी का केंद्रीय दल पहुंचा था.
कौन-कौन आये थे: सांसद मुख्तार अब्बास नकवी, एसएस अहलुवालिया, मीनाक्षी लेखी, बाबुल सुप्रियो और राज्य भाजपा प्रभारी सिद्धार्थ नाथ सिंह.
‘राजनीतिक हिंसा जनता का अपमान है’
भाजपा सांसद नकवी ने कहा कि राजनीतिक लड़ाई राजनीतिक तौर पर ही लड़ी जानी चाहिए. लेकिन पश्चिम बंगाल में उन्माद फैला कर बेवजह राजनीतिक हमला कराया जा रहा है. यह जनता का अपमान है. चुनाव में जनता ने फैसला सुनाया है, जिसे सभी को मानना चाहिए. राज्य में भाजपा का जनाधार बढ़ा है. पार्टी का मत प्रतिशत बढ़ कर 17 फीसदी हो गया है. कुछ लोग इसे पचा नहीं पा रहे हैं. इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे हैं. इसे हम कतई बरदाश्त नहीं करेंगे.
पार्टी लाइन पर काम करने वाले अधिकारी चिन्हित किये जायेंगे
नकवी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पार्टी लाइन पर काम करने वाले वरिष्ठ आइएएस और आइपीएस अधिकारियों को चिन्हित करने का निर्देश राज्य भाजपा को दिया गया है. ऐसे अधिकारियों का मामला केंद्र स्तर पर आइएएस-आइपीएस एसोसिएशनों के समक्ष उठाया जायेगा. प्रशासनिक अधिकारियों को निष्पक्षता के साथ काम करना चाहिए.
‘इलाज में भी कोताही’
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने कहा कि प्रतिनिधिदल ने उत्तर 24 परगना के संदेशखाली का दौरा किया और कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में संदेशखाली के हमलों में घायल हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की. इसके बाद प्रतिनिधि दल ने मुख्य सचिव संजय मित्र से मुलाकात की. उल्लेखनीय है कि उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में 27 मई को भाजपा कार्यकर्ताओं पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से हमला कर दिया था. मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. भाजपा और माकपा ने इस मामले में गुरुवार को 12 घंटे का बंद बुलाया था. एसएसकेएम अस्पताल में घायलों से मुलाकात के बाद प्रतिनिधिदल का कहना था कि घायलों का इलाज भी सही तरीके से नहीं किया जा रहा है. ऐसा लग रहा है कि इसका निर्देश राज्य सचिवालय नवान्न से ही दिया गया है. सबकुछ राज्य सरकार के इशारे पर हो रहा है. शनिवार को ही प्रतिनिधिदल वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गया.
