कोलकाता : राज्य के कई इलाकों में शनिवार सुबह भारी बारिश से जहां गरमी से राहत मिली वहीं, आसमानी बिजली मौत बन कर टूटी. अलग-अलग जगहों पर वज्रपात से कम से कम दस लोगों की मौत हो गयी और 28 अन्य घायल हो गये. उधर, कोलकाता में 30.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गयी.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वज्रपात से मुर्शिदाबाद जिले में पांच, पुरुलिया में तीन और बर्दवान में दो लोगों की मौत हो गयी. मुर्शिदाबाद जिले के हरिहरपुर और रघुनाथगंज क्षेत्रों में बिजली गिरने के कारण पांच लोगों की जान चली गयी. महेशपुर गांव में शफीकुल इसलाम (28) और सरीबुल इसलाम (31) की मौत हो गयी. बिजली गिरने से आलिम शेख (30) की मौत हरिपुर के डाल्टनपुर गांव के पास हुई, जबकि रघुनाथगंज क्षेत्र के राजनगर गांव में रबीउल शेख (55)व कंचन दास (38) की मौत हो गयी.
रघुनाथगंज क्षेत्र में तीन अन्य जख्मी भी हुए हैं. पुरुलिया के जिलाधिकारी तन्मय चक्रवर्ती ने बताया कि जिले के झालदा, बाघमुंडी और काशीपुर में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हुई है. तीनों खेत में काम कर रहे थे. वज्रपात की एक अन्य घटना में बर्दवान में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गयी. पुलिस ने बताया कि रानीगंज के खंडघोष और कुमारपुर में दो लोगों की मौत हुई है.
खंडघोष में सुबह खेत मे काम कर रहे एक 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गयी. कुमारपुर में बारिश से बचने के लिये घर में पनाह ले रखी एक 23 वर्षीय महिला की मौत बिजली गिरने से हो गयी. पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोना क्षेत्र में बिजली गिरने की एक अन्य घटना में 24 लोग घायल हो गये. घायल सभी लोग तोलबोसतिहाला गांव में मनरेगा के तहत काम पर जाने की तैयारी कर रहे थे. घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है. मौसम कार्यालय के अनुसार, शनिवार सुबह राज्य भर में 30 से 50 मिली मीटर बारिश हुई है. मानसून पूर्व यह वर्षा बिहार के पास बने हवा के निम्न दबाव के कारण हुई है. अगले दो-तीन दिनों तक उत्तर और दक्षिण बंगाल में गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान है.
