कूमारग्राम : कुमारग्राम ब्लॉक के मध्य नारारथली इलाके में भाजपा के ग्राम पंचायत सदस्य के घर से चार जिंदा बम बरामदगी को लेकर उनके पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. शुक्रवार की रात पंचायत सदस्य के पति बबलू विश्वास को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. घटना को लेकर भाजपा ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया है.
शनिवार को उसे अलीपुरद्वार अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में भेजा गया. उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को कुमारग्राम ब्लॉक के खोआरडांगा 2 नंबर ग्राम पंचायत के भाजपा सदस्य के रसोई के छत से एक बैग में चार जिंदा बम मिले. सीआईडी के बम डिसपोजल स्क्वाड के सदस्यों ने बमों को निस्क्रीय किया. घटना में पंचायत सदस्य के पति बबलु विश्वास को शुक्रवार रात को गिरफ्तार किया गया.
अलीपुरद्वार पुलिस अधीक्षक आभारु रवींद्रनाथ ने बताया कि जिस घर से बम मिला, उसके मकान मालिक को गिरफ्तार किया गया है. उसे पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया है.घटना को लेकर भाजपा नेतृत्व का आरोप है कि पुलिस राज्य के सत्ताधारी पार्टी के इशारे पर काम कर रही है. चुनाव से पहले कुमारग्राम ब्लॉक के खोआरडांगा 2 नंबर ग्राम पंचायत को तृणमूल ने विरोधी शून्य ग्राम पंचायत बनाने का आह्वान किया था. लेकिन इसमें व्यर्थ हो गये. तृणमूल के कार्यकर्ताओं ने खुद ही भाजपा प्रत्याशी के घर पर बम रखवाया है. भाजपा के विजयी पंचायत सदस्य पर दबाव बनाने के लिए सत्ताधारी पार्टी के गुंडो से धमकाने के बाद पुलिस की मदद ले रही है. वहीं तृणमूल के अलीपुरद्वार जिला उपाध्यक्ष तथा सांसद दशरथ तिरकी ने बताया कि भाजपा इलाके में अशांती फैलाने के लिए बम जुटा रही है. पुलिस छानबीन कर रही है.
