माकपा-कांग्रेस समर्थकों पर गोलीबारी, छह जख्मी
कोलकाता : पंचायत चुनाव के बाद भी राज्य में हिंसा जारी है. इसी क्रम में मंगलवार की देर रात दक्षिण 24 परगना के मोगराहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत एकलार जुगदिया गांव में आपसी विवाद के बाद गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें छह व्यक्ति घायल हो गये. सभी व्यक्ति कांग्रेस व माकपा समर्थक बताये गये हैं. वहीं, […]
कोलकाता : पंचायत चुनाव के बाद भी राज्य में हिंसा जारी है. इसी क्रम में मंगलवार की देर रात दक्षिण 24 परगना के मोगराहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत एकलार जुगदिया गांव में आपसी विवाद के बाद गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें छह व्यक्ति घायल हो गये. सभी व्यक्ति कांग्रेस व माकपा समर्थक बताये गये हैं.
वहीं, इस घटना में गोलीबारी का आरोप शासक दल तृणमूल समर्थकों पर लगा है. इस घटना में गंभीर रूप से जख्मी तीन लोगों को रात में ही कोलकाता के एनआरएस अस्पताल में भर्ती कराया गया. बाकी तीन लोगों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. जिन लोगों को एनआरएस मेडिकल काॅलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनमें जियाउल मोल्ला (40), मोनिरुल गाजी (35) व अख्तर हुसैन मोल्ला (40) शामिल हैं.
क्या है घटना
मंगलवार को तृणमूल व कांग्रेस-माकपा समर्थकों के बीच चाय की दुकान पर झड़प हुई. इसके बाद वहां जाकिर गाइन नामक तृणमूल समर्थक अपराधी किस्म के व्यक्ति व उसके समर्थकों ने गोलीबारी शुरू कर दी. इसमें किसी के पैर में तो किसी के गले में किसी की जांघ में गोली लगी. गोलीबारी के बाद वे लोग वहां से फरार हो गये. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव है. पूरे इलाके में शांति व व्यवस्था स्थापित करने के लिए विशाल पुलिस वाहिनी की तैनाती की गयी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार परिस्थिति नियंत्रण में बतायी जा रही है.