कोलकाता. महानगर में बैंक व एटीएम काउंटर में रुपये निकालने जानेवाले बुजुर्ग नागरिकों को शिकार बनानेवाले गिरोह के दो सदस्यों को लालबाजार के वाॅच सेक्शन की टीम ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. पकड़े गये आरोपियों के नाम गुलाम हुसैन व सैइद मुस्तफा अली हैं. दोनों मुंबई के पटेलनगर के रहनेवाले हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक उन्हें खबर मिली थी कि महानगर में दुर्गापूजा के पहले दूसरे राज्यों से कुछ बदमाशों का गिरोह छिनताई, झपटमारी करने के लिए महानगर में आते हैं.
इसी के तहत महानगर के प्रमुख मार्केट प्लेस, माॅल के पास, मंदिरों के बाहर व बैंक व एटीएम के आसपास सफेद पोशाक में पुलिस की टीम तैनात किया गया था. अचानक पोस्ता इलाके में दो युवकों को एक बैंक के बाहर संदिग्ध स्थिति में घूमते देखा गया. दोनों से पूछताछ में पता लगा कि दोनों मुंबई के पटेल नगर के रहनेवाले हैं.
इसके बाद पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू की. हालांकि दोनों के पास से कोई सामान पुलिस को नहीं मिला है. पुलिस के मुताबिक दोनों ने बताया कि वे बैंक के बाहर उम्रदराज लोगों को टार्गेट कर उनसे रुपये लेकर भागने के लिए खड़े थे. इसके पहले संदेह के आधार पर वे पकड़े गये. इस गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पता लगाने के लिए पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है.
