भाजपा महासचिव ने घटना की निंदा की
कोलकाता. झंडा लगाने को लेकर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों में हुई झड़प में तीन भाजपा समर्थक गंभीर रूप से घायल हो गये. उनका इलाज बांकुड़ा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.
प्रदेश भाजपा महासिचव प्रताप बनर्जी ने इस घटना की घोर निंदा की है, जबकि तणमूल कांग्रेस की ओर से इस तरह की किसी भी घटना से इनकार किया गया है. भाजपा प्रदेश मुख्यालय से मिली सूचना के अनुसार, गुरुवार की रात को बांकुड़ा जिला के डालडांगरा थाना इलाके के नाचना गांव में भाजपा के कार्यकर्ता अपनी पार्टी का झंडा लगा रहे थे.
उस वक्त 30 से 40 की संख्या में तृणमूल कांग्रेस के समर्थक मौके पर पहुंच गये और भाजपा कार्यकर्ताओं को झंडा लगाने से रोकने लगे. भाजपा कार्यकर्ताओं ने झंडा लगाने का काम जब नहीं रोका तो विरोध कर रहे लोग भड़क गये और भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी डंडे से हमला बोल दिया. इसमें मधुसूदन पाल, दिलीप पाल व अकिंचनपाल को गंभीर चोट लगी. उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
भाजपा के महासचिव प्रताप बनर्जी ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि सत्ता पक्ष को इस बात का आभास हो गया है कि उनके पांव के नीचे से माटी खिसक रही है. जनता के बीच उनकी लोकप्रियता खत्म हो रही है.
विरोधी पक्ष के रूप में लोगों के सामने अब केवल भाजपा ही है. ऐसे में लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं, जिसे रोकने के लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता लगातार हमले कर रहे हैं. हालांकि तृणमूल कांग्रेस के बांकुड़ा जिला की तरफ से किसी भी घटना की खबर से इनकार किया गया है. दावा किया गया है कि इस तरह का कोई राजनीतिक संघर्ष हुआ ही नहीं है. भाजपा केवल अफवाह फैलाने की राजनीति करती है और वही कर रही है.
