UP News: उत्तर प्रदेश के रामपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नोएडा की एक आईटी कंपनी के मालिक समेत चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी दोस्त और कर्मचारी वीकेंड ट्रिप पर उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट जा रहे थे. सुबह करीब पांच बजे उनकी ईको कार तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड़ी डीसीएम से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए.
गैस कटर से काटकर निकाले गए घायल और शव
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी. सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि चार लोगों की मौत हो चुकी थी. हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार में फंसा खून से लथपथ युवक लोगों से मदद की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है.
आईटी कंपनी मालिक दोस्तों और कर्मचारियों के साथ निकले थे ट्रिप पर
पुलिस के अनुसार, मृतकों में दिल्ली निवासी 30 वर्षीय अभिषेक अग्निहोत्री, 24 वर्षीय नीरज, 35 वर्षीय गुलबुद्दीन उर्फ सोनू और बागपत निवासी 24 वर्षीय कार्तिक शामिल हैं. अभिषेक नोएडा में 'इंडियन शॉप' नाम से आईटी कंपनी संचालित करते थे. वह अपने कर्मचारियों और दोस्तों के साथ जिम कॉर्बेट घूमने जा रहे थे. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है.
टायर पंचर होने से पीछे रह गई थी ईको कार
अभिषेक के दोस्त पदम धीमान ने बताया कि सभी लोग शुक्रवार रात जिम कॉर्बेट के लिए रवाना हुए थे. वह खुद अपने चार दोस्तों के साथ दूसरी कार में आगे चल रहे थे, जबकि अभिषेक अपने छोटे भाई और कर्मचारियों के साथ ईको कार में थे. रास्ते में ईको कार का टायर पंचर हो गया, जिसे ठीक कराने में कुछ समय लग गया. इसी कारण दोनों गाड़ियां अलग हो गईं. काफी देर तक संपर्क न होने पर उन्होंने फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला. बाद में किसी अन्य व्यक्ति ने फोन उठाकर हादसे की सूचना दी.
तीन घायल, बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले गए परिजन
हादसे में घायल जतिन, कमल और अभिषेक के छोटे भाई विशाल को पहले रामपुर जिला अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेरठ रेफर किया गया, लेकिन परिजन बेहतर इलाज के लिए तीनों को दिल्ली लेकर चले गए.
दो साल पहले हुई थी कार्तिक की शादी
हादसे में जान गंवाने वाले बागपत निवासी कार्तिक राजपूत नोएडा की एक कंपनी में कार्यरत थे. उन्होंने बीसीए की पढ़ाई की थी और पिछले कई वर्षों से नौकरी कर रहे थे. परिवार में पत्नी भारती और एक साल की बेटी है. करीब दो वर्ष पहले ही उनकी शादी हुई थी. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.
नीरज और गुलबुद्दीन के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नीरज के पिता राजकुमार ने बताया कि उनका बेटा अपने साथियों के साथ घूमने गया था. परिवार में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं और जनवरी में रिश्ता तय होने की संभावना थी. वहीं, गुलबुद्दीन दिल्ली में अभिषेक की कंपनी में काम करते थे. उनके बड़े भाई सद्दाम हुसैन ने बताया कि गुलबुद्दीन अविवाहित थे और परिवार में माता-पिता सहित दो भाई हैं.
पुलिस कर रही हादसे की जांच
थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक को सुबह के समय झपकी आना मानी जा रही है. पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
-कोमल अग्रवाल की रिपोर्ट
Must Read- मगरमच्छ की पीठ पर रील, यूपी के एटा में हड़कंप
