UP Vande Bharat Express: धर्म, आस्था और संस्कृति के तीन बड़े केंद्र अब तेज रफ्तार रेल नेटवर्क से जुड़ने की तैयारी में हैं. बनारस से आगरा के बीच चल रही वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार मथुरा तक किया जा सकता है. रेलवे इस दिशा में काम कर रहा है और विधानसभा चुनाव से पहले इसकी घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है.
मथुरा तक बढ़ेगा वंदे भारत का सफर
वर्तमान में ट्रेन संख्या 20176 आगरा कैंट से प्रयागराज होते हुए बनारस तक चलती है. यह दूरी करीब सात घंटे में पूरी करती है. मथुरा तक विस्तार होने के बाद बनारस से मथुरा का सफर आठ घंटे से कम समय में पूरा होने की उम्मीद है. इससे काशी, संगमनगरी प्रयागराज और मथुरा के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा.
600 से ज्यादा सीटें रोज खाली
रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, ट्रेन में बड़ी संख्या में सीटें खाली रह जाती हैं. 22 से 28 सितंबर के बीच आगरा और प्रयागराज के बीच हर दिन 600 से अधिक सीटें खाली रहने की जानकारी सामने आई है. ऐसे में रूट विस्तार से ट्रेन की उपयोगिता और यात्रियों की संख्या बढ़ाने पर जोर है.
पिट लाइन के लिए 18 करोड़ का प्रस्ताव
मथुरा जंक्शन पर वंदे भारत के संचालन के लिए रखरखाव और धुलाई की सुविधा यानी पिट लाइन जरूरी होगी. एनसीआर के आगरा मंडल ने मथुरा में नई पिट लाइन बनाने का प्रस्ताव भेजा है. इसकी अनुमानित लागत करीब 18 करोड़ रुपये बताई गई है.
हेमा मालिनी ने भी उठाई मांग
मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी पहले ही रेल मंत्री को पत्र लिखकर वंदे भारत को मथुरा तक चलाने की मांग कर चुकी हैं. यह मामला रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार तक भी पहुंच चुका है. अब पिट लाइन की तैयारी और रेलवे की आगे की प्रक्रिया पर विस्तार की घोषणा निर्भर करेगी.
