शंकर महादेवन के सुर, जैस्मीन का जलवा और CM योगी की मौजूदगी, इकाना में आज UP T20 का ग्रैंड आगाज

UP T20 League 2026: लखनऊ में शुक्रवार से यूपी टी-20 लीग का चौथा सीजन शुरू हो रहा है. उद्घाटन समारोह में CM योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी के साथ शंकर महादेवन और जैस्मीन सैंडलस की लाइव परफॉरमेंस आकर्षण का केंद्र रहेगी. क्रिकेट के साथ-साथ रंगारंग कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा.

UP T20 League 2026: लखनऊ में शुक्रवार से यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का रोमांच शुरू होने जा रहा है. इकाना स्टेडियम में क्रिकेट के साथ कॉन्सर्ट, ड्रोन और लाइट शो से उद्घाटन समारोह को खास बनाया जाएगा. छह फ्रेंचाइजी टीमों के बीच होने वाली लीग का पहला मुकाबला गत विजेता काशी रुद्रास और उपविजेता मेरठ मावरिक्स के बीच खेला जाएगा. लीग के मुकाबलों का भारत में सजीव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स 2 पर होगा, जबकि इसे 150 देशों में प्रसारित किया जाएगा.

इकाना में क्रिकेट के साथ होगा रंगारंग कार्यक्रम

14 अगस्त को उद्घाटन मुकाबले से पहले बॉलीवुड और पंजाबी संगीत जगत के कलाकार शंकर महादेवन और जैस्मीन सैंडलस लाइव प्रस्तुति देंगे. इसके अलावा ड्रोन और लाइट शो भी आयोजित किया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लीग में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएंगे.

34 मुकाबलों में दिखेगा युवा खिलाड़ियों का दम

सीजन-4 में छह टीमों के बीच कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे. लीग का पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ में होगा. इसके बाद 28 अगस्त से प्लेऑफ और फाइनल समेत दूसरे चरण के मुकाबले कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे. लीग का फाइनल 6 सितंबर को होगा.

'स्पीड हंट' से सामने आई तेज गेंदबाजी की प्रतिभा

लीग शुरू होने से पहले गुरुवार को कैप्टंस मीट हुई. यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने ‘स्पीड हंट’ पहल का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि बिना किसी ट्रायल फीस के पूरे प्रदेश से तेज गेंदबाजों की प्रतिभा तलाशने की कोशिश की गई. इसी पहल में एक युवा ने 144 से 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर अपनी क्षमता दिखाई. ऑक्शन में उसकी 2.50 लाख रुपये की बेस प्राइस बढ़कर 21.50 लाख रुपये तक पहुंची.

कप्तानों ने अपनी-अपनी टीम को बताया मजबूत

लखनऊ फॉल्कंस के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि पिछले दो सीजन में टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी, लेकिन इस बार कमियों को दूर कर संतुलित टीम तैयार की गई है. मेरठ मावरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने टीम के लगातार तीन सीजन फाइनल खेलने और एक बार खिताब जीतने का जिक्र करते हुए जीत का भरोसा जताया. गत विजेता काशी रुद्रास की ओर से उपेन्द्र यादव ने बताया कि कप्तान करन शर्मा अस्वस्थ होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके. वहीं कानपुर सुपरस्टार्स के समीर रिजवी, नोएडा किंग्स के माधव कौशिक और गोरखपुर लायंस के आर्यन जुयाल ने लीग को युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच बताया.

टीमों की पूरी सूची और टिकट बिक्री पर भी सवाल

लीग शुरू होने से एक दिन पहले तक छहों टीमों ने अपने 25 खिलाड़ियों की पूरी सूची सार्वजनिक नहीं की है. 24 जुलाई को आगरा में हुए मिनी ऑक्शन के बाद प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी थे. इसके बाद फ्रेंचाइजियों को प्रदेश स्तरीय ट्रायल के जरिए सात खिलाड़ी चुनने का विकल्प दिया गया था. वहीं उद्घाटन समारोह के टिकटों की बिक्री भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. रिपोर्ट के मुताबिक एक दिन पहले तक करीब 1300 टिकट ही बिके थे. 50 हजार की क्षमता वाले इकाना स्टेडियम में दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए स्कूल, कॉलेज और खिलाड़ियों को बुलाने की योजना बनाई गई है.

Must Read- सादे कागज पर 'लाश' से लगवाया अंगूठा! लखनऊ में संपत्ति के लिए बेटे की इस करतूत ने उड़ाए होश, वीडियो वायरल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कोमल अग्रवाल

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >