सऊदी में हुई नदीम से मुलाकात, प्रेमी के लिए सऊदी में पति-बेटे को छोड़ UP पहुंची शबाना, फिर मासूम बेटी संग उठाया खौफनाक कदम

प्रेम में परिवार छोड़ने वाली शबाना की कहानी दर्दनाक मोड़ पर आ गई. प्रेमी के धोखे के बाद उसने मासूम बेटी के साथ जान देने की कोशिश की, लेकिन महिलाओं की सतर्कता से दोनों की जान बच गई.

UP News : प्रेम के लिए अपना घर-परिवार छोड़ने वाली 40 वर्षीय शबाना की कहानी शनिवार रात बेहद दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गई. सऊदी अरब में पति और 18 वर्षीय बेटे को छोड़कर वह अपने प्रेमी के साथ भारत आ गयी, लेकिन यहां उसे प्रेमी की शादीशुदा जिंदगी की सच्चाई पता चली. रिश्ते में विवाद बढ़ा तो शबाना ने छह माह की मासूम बेटी को गोद में लेकर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की. हालांकि, समय रहते प्लेटफॉर्म पर मौजूद महिलाओं की नजर उस पर पड़ गयी और दोनों की जान बच गयी.

सऊदी में हुई नदीम से मुलाकात, प्यार में छोड़ दिया परिवार

जानकारी के अनुसार, तेलंगाना के हैदराबाद की रहने वाली शबाना की शादी सऊदी अरब में एक शेख से हुई थी. उसका 18 वर्षीय बेटा सैफ भी उसके साथ रहता था. इसी दौरान सऊदी में शेख के यहां नौकरी करने वाले बहराइच के जरवलरोड थाना क्षेत्र के खिदरापुर निवासी नदीम से उसकी मुलाकात हुई. बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात धीरे-धीरे नजदीकियों में बदली और फिर दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया. शबाना ने नदीम के साथ रहने के लिए अपने पति और बेटे समेत परिवार को पीछे छोड़ दिया.

करीब 10 महीने पहले प्रेमी के साथ भारत आई

शबाना करीब 10 महीने पहले सऊदी अरब से भारत आ गयी और नदीम के साथ उसके गांव खिदरापुर में रहने लगी. लेकिन भारत आने के बाद उसे ऐसी सच्चाई पता चली, जिसने उसके सारे सपने तोड़ दिए. शबाना को जानकारी हुई कि नदीम पहले से ही उज्मा नाम की महिला से शादीशुदा है. इसके बाद दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा और विवाद होने लगे.

विवाद के बाद मासूम बेटी को लेकर रेलवे स्टेशन पहुंची

शनिवार शाम करीब सात बजे शबाना और नदीम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इससे आहत होकर शबाना अपनी छह माह की बच्ची को लेकर जरवलरोड रेलवे स्टेशन पहुंच गयी. बताया जाता है कि शबाना बच्ची को सीने से लगाए ट्रेन के सामने जाने की कोशिश कर रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद कुछ महिलाओं की नजर उस पर पड़ गयी.

महिलाओं की सजगता से बची मां-बेटी की जान

महिलाओं ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत दौड़कर शबाना को पकड़ लिया. उन्होंने बच्ची को भी सुरक्षित बचा लिया. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला व उसकी मासूम बेटी को थाने ले गयी. समय रहते महिलाओं की सतर्कता से मां और बच्ची दोनों की जान बच गयी.

पुलिस कर रही मामले की जांच

जरवल रोड के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि महिला और बच्ची दोनों सुरक्षित हैं. महिला को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है और पूरे मामले की जानकारी जुटाते हुए उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर लिए हैं. साथ ही उसके प्रेमी नदीम को भी बुलाकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि महिला के बयानों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : 16 रुपये की स्कीम सुन कपड़े की दुकान पर उमड़ी भीड़, कानपुर में मची भगदड़, UP पुलिस ने भांजी लाठियां


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >