UP की बेटियों को कब मिलेगी स्कूटी? तारीख का ऐलान, 50 हजार छात्राओं को मिलेगा तोहफा

उत्तर प्रदेश की करीब 50 हजार मेधावी छात्राओं के लिए खुशखबरी है. योगी सरकार 'रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना' के तहत उन्हें मुफ्त स्कूटी देने जा रही है. योजना का लाभ शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक पूरा करने वाली टॉप 5% छात्राओं को मिलेगा.

UP Rani Lakshmibai Scooty Yojana : उत्तर प्रदेश की मेधावी छात्राओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. योगी सरकार ‘रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ के तहत प्रदेश की करीब 50 हजार छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने जा रही है. सरकार की ओर से स्कूटी वितरण की प्रक्रिया अक्टूबर-नवंबर में शुरू किए जाने की तैयारी है. इसके साथ ही सरकार अपने लोक कल्याण संकल्प पत्र में किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है.

कैबिनेट बैठक में योजना को मिली मंजूरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ‘रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ के क्रियान्वयन को मंजूरी दी गई थी. योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने वाली प्रदेश की टॉप 5 प्रतिशत मेधावी छात्राओं को मुफ्त पेट्रोल चालित स्कूटी दी जाएगी. सरकार का मानना है कि इस योजना से छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी. साथ ही बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने और कॉलेज छोड़ने की दर यानी ड्रॉपआउट कम करने में भी मदद मिलेगी.

कौन-कौन छात्राएं होंगी पात्र?

‘रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ का लाभ पाने के लिए छात्राओं को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी. योजना का लाभ शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने वाली टॉप 5 प्रतिशत मेधावी छात्राओं को मिलेगा. इसके लिए छात्रा का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है. लाभार्थियों का चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जाएगा.

इन संस्थानों की छात्राओं को मिलेगा लाभ

यह योजना उत्तर प्रदेश के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए लागू होगी. इसमें राज्य विश्वविद्यालयों और निजी विश्वविद्यालयों के साथ-साथ राज्य विश्वविद्यालयों से संबद्ध कॉलेजों की छात्राएं भी शामिल होंगी. योजना का लाभ राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने वाली पात्र छात्राओं को मिलेगा.

स्कूटी के साथ ये सुविधाएं भी मिलेंगी

सरकार की ओर से छात्राओं को सिर्फ स्कूटी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि इसके साथ कई अन्य सुविधाएं भी मुफ्त मिलेंगी. लाभार्थियों को स्कूटी के साथ आईएसआई मार्का हेलमेट, बीमा, रजिस्ट्रेशन और चार लीटर पेट्रोल भी दिया जाएगा. इससे छात्राओं को स्कूटी मिलने के बाद शुरुआती खर्च की चिंता नहीं करनी पड़ेगी.

पेट्रोल स्कूटी देने का फैसला क्यों?

सरकार ने इलेक्ट्रिक स्कूटी के बजाय पेट्रोल चालित स्कूटी देने का फैसला किया है. इसके पीछे ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में सर्विस सेंटर तथा चार्जिंग सुविधा की उपलब्धता को ध्यान में रखना बताया गया है. पेट्रोल स्कूटी होने से छात्राओं को रखरखाव और ईंधन से जुड़ी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होने की उम्मीद है.

उच्च शिक्षा को बढ़ावा देना है मकसद

‘रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ का मुख्य उद्देश्य बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है. सरकार के मुताबिक, कई छात्राओं को कॉलेज और विश्वविद्यालय आने-जाने में परिवहन की समस्या का सामना करना पड़ता है. स्कूटी मिलने से ऐसी छात्राओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी. इसके साथ ही योजना के जरिए छात्राओं में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और शिक्षा के बाद रोजगार एवं अन्य अवसरों तक उनकी पहुंच आसान बनाने का प्रयास किया जा रहा है.

अक्टूबर-नवंबर में वितरण की तैयारी

सरकार की योजना के मुताबिक 2025-26 सत्र की मेधावी छात्राओं को अक्टूबर-नवंबर के दौरान स्कूटी देने की तैयारी है. करीब 50 हजार छात्राओं को इस योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है. लाभार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर होने के कारण छात्राओं को अपने शैक्षणिक रिकॉर्ड और पात्रता से जुड़े दस्तावेज तैयार रखने होंगे.

Also Read : सितंबर में 8 दिन बंद रह सकता है बैंक कामकाज, UP की 16 हजार शाखाएं होंगी प्रभावित


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >