UP News: गाजीपुर में शनिवार को देशभर में सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. पूर्व छात्रसंघ महामंत्री (पीजी कॉलेज) एवं पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में युवाओं ने सरजू पांडेय पार्क से रैली निकाली. रैली राइफल क्लब पहुंची, जहां उप जिलाधिकारी विनोद जोशी को राष्ट्रपति के नाम खून से लिखा ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं.
सोनम वांगचुक की मांगों पर कार्रवाई की अपील
प्रदर्शन के दौरान सुधांशु तिवारी ने केंद्र सरकार से शिक्षाविद् एवं पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि वांगचुक देश के युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता के मुद्दे को लेकर अनशन पर हैं. तिवारी ने यह भी कहा कि परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में विफल रहने की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए.
पेपर लीक से युवाओं का भरोसा टूटा
प्रदर्शन में शामिल शशांक उपाध्याय ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षाओं में कथित धांधली ने करोड़ों छात्रों की मेहनत और उनके भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि युवाओं के अधिकारों की रक्षा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवाज उठाना जरूरी हो गया है. प्रवीण दूबे ने कहा कि यदि सोनम वांगचुक को किसी भी तरह की क्षति पहुंचती है, तो गाजीपुर के हजारों युवा सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे. वहीं प्रकाश राय ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के युवाओं को अपने अधिकारों और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है.
बड़ी संख्या में युवा रहे मौजूद
प्रदर्शन में शशांक उपाध्याय, प्रवीण दूबे, अंशु पांडेय, प्रकाश राय, धर्मेंद्र कुमार, राजू, ताम्रध्वज कुमार, शिवम पासवान, हर्ष पांडेय, विपुल मिश्रा, रईस अहमद, जावेद आलम, मुकुल देव, विशाल कुमार, शिव प्रकाश पांडे, सत्या यादव, सुधांशु दुबे, शिवम, रुद्र तिवारी, संतोष कुमार, श्रीराम और आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा और छात्र शामिल हुए.
Must Read- "मेरी नहीं हुई तो किसी और की नहीं", कहकर सिरफिरे आशिक ने महिला पर चला दी गोली
