UP News: उत्तर प्रदेश रोडवेज अपनी एसी डबलडेकर बसों को यात्रियों के लिए अधिक आकर्षक बनाने की तैयारी में है. रेलवे की तर्ज पर इन बसों में कैटरिंग सुविधा शुरू करने पर विचार किया जा रहा है. प्रस्ताव के अनुसार यात्रियों को चाय, नाश्ता और अन्य खाद्य सामग्री बस के किराये में ही उपलब्ध कराई जा सकती है. इस योजना का उद्देश्य डबलडेकर बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ाना है.
यात्रियों के फीडबैक के आधार पर बन रही योजना
रोडवेज प्रशासन ने डबलडेकर बसों को दोबारा संचालन में लाने के साथ यात्रियों से फीडबैक लेना शुरू किया है. अधिकारियों के मुताबिक, कैटरिंग सुविधा शुरू करने को लेकर रिपोर्ट तैयार की जा रही है. मुख्यालय स्तर पर विचार-विमर्श के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा. क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने भी बताया कि इस प्रस्ताव पर गंभीरता से मंथन चल रहा है.
कम रफ्तार बनी चुनौती, सुविधाओं पर बढ़ा फोकस
अधिकारियों के अनुसार डबलडेकर बसों की अधिकतम गति करीब 50 किमी प्रति घंटा है, जबकि शहर और हाईवे की परिस्थितियों में यह औसतन 40 से 45 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलती हैं. इसी वजह से अयोध्या रूट पर यात्रियों की रुचि कम हुई थी. चूंकि सुरक्षा कारणों से बसों की गति बढ़ाना संभव नहीं है, इसलिए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देकर सफर को अधिक सुविधाजनक बनाने की योजना तैयार की जा रही है.
किराये में शामिल होगी कैटरिंग, मिल सकती हैं कई सुविधाएं
प्रस्ताव के अनुसार एसी डबलडेकर बसों में कैटरिंग का अलग से शुल्क नहीं लिया जाएगा. यात्रियों को किराये में ही पेयजल, समोसा, खस्ता, पूड़ी-सब्जी, स्थानीय फास्ट फूड, मीठा और पैकेज्ड पेय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं. 64 सीटों वाली इन आधुनिक एसी बसों में आरामदायक सीटें, बेहतर बैलेंसिंग और सुरक्षा के इंतजाम पहले से मौजूद हैं. रोडवेज का मानना है कि नई सुविधा मिलने से डबलडेकर बसें यात्रियों की पसंदीदा यात्रा विकल्प बन सकती हैं.
Must Read- "गुंडागर्दी का ब्रांड बन चुकी है सपा", राजभर ने लगाया अखिलेश पर आरोप, राहुल-ओवैसी पर भी साधा निशाना
