UP News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शरीफाबाद जंगल के आसपास जंगली जानवर की दहशत फैल गई है. गांव में बकरी और जंगल के बाहर नीलगाय का क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने तेंदुआ होने की आशंका जताई है. ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ लोगों ने जंगल के पास जंगली जानवर को भी देखा है. हालांकि, वन विभाग ने अभी तेंदुए की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है.
बकरी पर हमले से गांव में मचा हड़कंप
मामला सुबेहा थाना क्षेत्र के शरीफाबाद गांव का है. यह गांव गोमती नदी की तलहटी में बसा है और इसके आसपास बड़ा जंगल है. ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार देर शाम एक जंगली जानवर गांव के भुजियामऊ इलाके में पहुंचा और रामकुमार की बकरी पर हमला कर दिया. बाद में बकरी के अवशेष कुछ दूरी पर झाड़ियों में मिले. वहीं, जंगल के बाहर एक नीलगाय का शव भी क्षत-विक्षत हालत में मिला.
महिलाओं ने जंगल के पास देखा जंगली जानवर
ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार सुबह कुछ महिलाएं जंगल की ओर जा रही थीं. इसी दौरान रास्ते में झाड़ियों के पास उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया. जानवर को देखते ही महिलाएं डरकर अपने घरों की ओर भाग गईं. इसके कुछ देर बाद कई कुत्ते भी जंगल से गांव की ओर भागते दिखाई दिए. ग्रामीणों को जंगल में एक घायल कुत्ता भी मिला, जिसके बाद उन्होंने वन विभाग को सूचना दी.
बारिश से मिट गए पगचिह्न, जांच में जुटी टीम
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संभावित स्थानों पर कांबिंग शुरू की. ग्रामीणों ने जंगली जानवर के पगचिह्न का वीडियो भी टीम को दिया, लेकिन विभाग का कहना है कि केवल वीडियो के आधार पर तेंदुए की पुष्टि नहीं की जा सकती. टीम पगचिह्नों की जांच के लिए पहुंची थी, लेकिन बारिश होने के कारण निशान मिट चुके थे.
वन विभाग ने कहा- पुष्टि के बाद लगाया जाएगा पिंजरा
वनदरोगा अनुज सिंह के अनुसार, वन विभाग की टीमें लगातार संभावित इलाकों में कांबिंग कर रही हैं. जानवरों के अवशेषों की भी जांच की गई है. फिलहाल हमला करने वाले जानवर की पहचान नहीं हो सकी है. ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. विभाग का कहना है कि जांच में तेंदुए की पुष्टि होने पर उसे पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जाएंगे.
Must Read: UP में पनीर-घी पर क्यों लगी रोक? जानिए क्या हैं एनालॉग डेयरी उत्पाद और कैसे बनते हैं
