UP News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. अयोध्या से कानपुर जा रही रोडवेज बस पहले एक डंपर से टकरा गई. टक्कर के बाद घबराए कई यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े हो गए. इसी बीच बस अचानक आगे बढ़ गई और नीचे खड़े यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि बस का कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया.
दही थाना क्षेत्र के पुरवा बाईपास के पास हुआ हादसा
यह हादसा शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे दही थाना क्षेत्र के पुरवा बाईपास मोड़ के पास हुआ. डंपर से टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई थी. कई यात्री अपनी सुरक्षा के लिए बस से नीचे उतर आए और वाहन के पास ही खड़े थे. इसी दौरान चालक ने अचानक बस आगे बढ़ा दी, जिससे नीचे मौजूद चार लोग उसकी चपेट में आ गए. इनमें तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोडवेज बस का कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही दही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. घायल कंडक्टर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. वहीं पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
अंतिम संस्कार में जा रहे थे रामनरेश
हादसे में जान गंवाने वाले रामनरेश अपनी पत्नी नीलम और एक बच्चे के साथ कानपुर जा रहे थे. परिवार के अनुसार उन्हें अपने ससुर के निधन की सूचना मिली थी और वे अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निकले थे. लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
चालक की भूमिका की जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और डंपर को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया. साथ ही यह जांच भी शुरू कर दी गई है कि चालक ने किन परिस्थितियों में बस आगे बढ़ाई और दुर्घटना के लिए लापरवाही किसकी रही.
मृतकों और घायल की हुई पहचान
हादसे में मृतकों की पहचान राजेंद्र (40) पुत्र स्वामी प्रसाद, निवासी मदनपुर, थाना कप्तानगंज (बस्ती) और रामनरेश (40) पुत्र रामदास, निवासी तुलसी तारा, थाना पूरा कलंदर (अयोध्या) के रूप में हुई है. तीसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी. घायल कंडक्टर की पहचान इंद्रपाल सिंह (48) पुत्र प्रभाकर सिंह, निवासी महुआ, थाना जहानगंज (आजमगढ़) के रूप में हुई है.
क्या बोले एएसपी
एएसपी उत्तरी अखिलेश सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि रोडवेज बस का कंडक्टर घायल है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
-कोमल अग्रवाल की रिपोर्ट
Read Also- मेरठ: पिता ने बेटे को ज़हर दिया, फिर खुद भी ले ली जान
