Ayodhya Ram Mandir: राम जन्मभूमि ट्रस्ट की अहम बैठक से पहले ट्रस्ट अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी माने जा रहे कमल नयन दास ने चंपत राय को लेकर अपनी राय रखी है. उन्होंने चंपत राय को निर्दोष बताते हुए कहा कि उनके साथ विश्वासघात हुआ है. उन्होंने कहा कि चंपत राय की महासचिव पद पर वापसी होनी चाहिए.
मंदिर की व्यवस्था सुचारू रखना मकसद
कमल नयन दास ने कहा कि राम जन्मभूमि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य मंदिर की व्यवस्था को बिना किसी रुकावट के चलाना है. मंदिर में भोग-राग की व्यवस्था में भी किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए. उन्होंने कहा कि मंदिर से जुड़े सभी फैसलों में साफगोई और व्यवस्था बनी रहना जरूरी है.
CEO पद के विवाद पर रखी राय
सीईओ पद को लेकर उठे विवाद पर कमल नयन दास ने कहा कि राम जन्मभूमि ट्रस्ट हिंदू समाज का है, किसी सरकार का नहीं. उन्होंने इस विवाद को बेवजह बताया. उनके मुताबिक मंदिर से जुड़े फैसले ट्रस्ट को खुद करने चाहिए और मंदिर का पूरा संचालन साधु-संत ही करेंगे. उन्होंने कहा कि यही परंपरा भी रही है.
चंपत राय को बताया निर्दोष
चंपत राय के बारे में पूछे जाने पर कमल नयन दास ने कहा कि वह उन्हें जन्म से जानते हैं और उनकी कार्यशैली व व्यवस्था से पूरी तरह परिचित हैं. उन्होंने कहा कि चंपत राय ने राम जन्मभूमि के लिए बहुत बड़ा योगदान दिया है और उनके साथ विश्वासघात हुआ है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि चंपत राय से बेहतर कोई दूसरा व्यक्ति नहीं मिलेगा, इसलिए उनकी महासचिव पद पर वापसी होनी चाहिए.
पुराने मंदिर आंदोलन का किया जिक्र
कमल नयन दास ने मंदिर आंदोलन के पुराने दौर का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलाए जाने की घटना उन्होंने अपनी आंखों से देखी है. उन्होंने उन लोगों पर भी निशाना साधा, जो अब मंदिर में चोरी के मुद्दे पर सवाल उठा रहे हैं. उनका कहना था कि यही लोग पहले अदालत में भगवान राम को काल्पनिक बताते थे और अब उन्हें चोरी की चिंता हो रही है. उन्होंने दावा किया कि ऐसे लोगों का मंदिर आंदोलन से कभी कोई नाता नहीं रहा और वे अब बेवजह विवाद खड़ा कर रहे हैं.
