लव मैरिज के डेढ़ महीने बाद कत्ल, पत्नी की हत्या कर घर के फर्श के नीचे दफनाया शव

UP News: सिद्धार्थनगर में प्रेम विवाह के महज डेढ़ महीने बाद पत्नी की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपी पति ने सबूत मिटाने के लिए पत्नी के शव को घर के फर्श के नीचे छह फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया था. मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने खुलासा किया.

UP News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. प्रेम विवाह के महज डेढ़ महीने बाद एक युवक पर अपनी पत्नी की हत्या कर शव को घर के कमरे में छह फीट गहरे गड्ढे में दफनाने का आरोप है. आरोप है कि उसने सबूत मिटाने के लिए कमरे का फर्श दोबारा तैयार कराया, उसी जगह चारपाई डालकर सामान्य जीवन जीता रहा और पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी.मामले का खुलासा तब हुआ, जब मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने घर की तलाशी ली.

पुलिस जांच में खुला हत्या का राज

डुमरियागंज थाना क्षेत्र के चक मझारी गांव में मंगलवार को पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला मामला सामने आया. तलाशी के समय कमरे की कच्ची फर्श पर ताजा लिपाई देखकर पुलिस को शक हुआ. खुदाई कराने पर करीब छह फीट नीचे से 20 वर्षीय मुफीदन का शव बरामद हुआ. शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घटना के बाद से आरोपी पति और उसके परिवार के सदस्य फरार हैं.

मुंबई में हुई दोस्ती, फिर हुआ प्रेम विवाह

पुलिस के अनुसार, चक मझारी गांव निवासी 22 वर्षीय शमशेर मुंबई में मजदूरी करता था.वहीं उसकी पहचान संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के दसया गांव निवासी मजहर के परिवार से हुई.इस दौरान उसकी दोस्ती मजहर की बेटी मुफीदन से हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई.

कुछ समय बाद शमशेर मुफीदन को अपने गांव ले आया. दोनों परिवारों की सहमति के बाद 1 जून 2026 को दोनों का निकाह हुआ. शुरुआती दिनों में सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे.

गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस को किया गुमराह

13 जुलाई को शमशेर ने डुमरियागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी 11 जुलाई से लापता है. दूसरी ओर, मुफीदन की मां सफीदुनिशा ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए शमशेर, उसके पिता नीबर और सास खुशबूनिशा के खिलाफ तहरीर दी. इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की.

पत्नी पर शक बना हत्या की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शमशेर को अपनी पत्नी पर शक था कि वह फोन पर किसी अन्य व्यक्ति से बात करती है. इसी शक को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था.पुलिस का मानना है कि यही विवाद हत्या की वजह बना.

परिवार की भूमिका की भी जांच

ग्रामीणों के मुताबिक, पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने शव को कमरे में दफना दिया और उसी कमरे में सामान्य तरीके से रहता रहा.पुलिस का कहना है कि छह फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव दफनाना अकेले व्यक्ति के लिए आसान नहीं है.ऐसे में परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है.

जिस पर भरोसा किया, उसी ने छीन ली जिंदगी

मुफीदन अपने परिवार को छोड़कर शमशेर के साथ नई जिंदगी शुरू करने आई थी. दोनों ने परिवारों की सहमति से निकाह किया था, लेकिन शादी के कुछ ही सप्ताह बाद रिश्ते में दरार आ गई. जिस व्यक्ति के साथ उसने जीवन बिताने का सपना देखा था, उसी पर उसकी हत्या का आरोप है. अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.

Also Read: जमीन बंटवारे के विवाद में सनसनीखेज वारदात, पत्नी की हत्या के बाद बेटे-पुलिस पर ताना तमंचा, खुद को भी गोली मारने का प्रयास


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Khushboo Kumari

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >