जमीन बंटवारे के विवाद में सनसनीखेज वारदात, पत्नी की हत्या के बाद बेटे-पुलिस पर ताना तमंचा, खुद को भी गोली मारने का प्रयास

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में जमीन बंटवारे के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. एक व्यक्ति ने खेत से लौट रही अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने बेटे और पुलिसकर्मियों पर भी हमला करने की कोशिश की.

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. गांव मोहलिया वीरान में मंगलवार शाम एक वृद्ध ने खेत से लौट रही अपनी पत्नी की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी ने बेटे और पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाने की कोशिश की. पुलिस की घेराबंदी के दौरान उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

खेत से लौट रही पत्नी को रास्ते में रोका, सीने में मारी गोली

गांव निवासी हरपाल का अपनी 63 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी देवी से लंबे समय से विवाद चल रहा था. मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे लक्ष्मी देवी पशुओं के लिए घास लेकर खेत से घर लौट रही थीं. आरोप है कि रास्ते में गोमती नदी के पास हरपाल ने उन्हें रोक लिया और तमंचे से उनके सीने में गोली मार दी. गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ने की कोशिश शुरू की. इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर भी तमंचा तान दिया. बेटे की हत्या की नीयत से पहुंचा गांव, पुलिस और नाती को भी बनाया निशाना पत्नी की हत्या के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ. उसने तमंचे में दूसरा कारतूस भरा और अपने बेटे जंगबहादुर को मारने के इरादे से गांव पहुंच गया. हाथ में हथियार लेकर वह बेटे को तलाशने लगा. खतरे को भांपते हुए जंगबहादुर वहां से भागकर खेतों में छिप गया.

इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने पुलिसकर्मियों पर तमंचा तान दिया. इसके बाद उसने पास खड़े अपने नाती विकास को भी निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन विकास वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा.

पुलिस के पकड़ने से पहले खुद को मारी गोली

पुलिस आरोपी को काबू करने का प्रयास कर रही थी. इसी दौरान सिपाही फिरोज अली उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़े तो हरपाल ने अपने पेट में गोली मार ली. गोली पेट को छूते हुए निकली और सिपाही फिरोज अली को भी हल्की चोट आई, लेकिन वह बाल-बाल बच गए. इसके बाद पुलिस ने आरोपी से तमंचा छीन लिया और घायल हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है.

जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद

परिजनों के अनुसार हरपाल और लक्ष्मी देवी के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. विवाद के कारण लक्ष्मी देवी दूसरे बेटे जंगबहादुर के साथ रहने लगी थीं, जबकि हरपाल बड़े बेटे नरोत्तम के पास रहता था. बताया गया कि हरपाल ने अपनी जमीन का हिस्सा पहले ही नरोत्तम के नाम कर दिया था. इसी बात को लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था. घटना से पहले मंगलवार सुबह भी पति-पत्नी के बीच इसी मुद्दे को लेकर कहासुनी हुई थी.

पुलिस ने शुरू की जांच

एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने बताया कि शुरुआती जांच में घरेलू विवाद के चलते पत्नी की हत्या की बात सामने आई है. आरोपी ने घटना के बाद खुद को भी गोली मारने की कोशिश की, लेकिन गोली पेट के पास से छूकर निकल गई. तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना में इस्तेमाल तमंचा कहां से आया, इसकी भी जांच की जा रही है.

घटना के समय घर पर नहीं थे दो बेटे

घटना के वक्त मृतका के दो बेटे घर पर मौजूद नहीं थे. छोटा बेटा पप्पू मजदूरी के लिए मध्य प्रदेश में धान की रोपाई करने गया हुआ था, जबकि तीसरे नंबर का बेटा नन्हे अपने साढ़ की बेटी की विदाई में गया था. घटना की जानकारी मिलते ही नन्हे गांव पहुंच गया, वहीं पप्पू भी मध्य प्रदेश से घर के लिए रवाना हो गया.

Also Read: नोएडा वालों के लिए खुशखबरी, पासपोर्ट सेवा को मिली रफ्तार, अब नहीं करना होगा महीनों इंतजार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Khushboo Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >