दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज में अपने पुराने दिनों को याद करके हुए भावुक

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे. उन्होंने अपने पुराने कॉलेज कॉल्विन तालुकदार्स का दौरा किया और विद्यार्थियों से संवाद करते हुए चुनावी प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका पर जोर दिया.

UP Election News : भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार सोमवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे. राजधानी पहुंचने के बाद उन्होंने अपने पुराने शिक्षण संस्थान कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज का दौरा किया और विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया. इस दौरान उन्होंने चुनावी प्रक्रिया, पारदर्शिता और लोकतंत्र में बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) की भूमिका पर विस्तार से बात की. उन्होंने बीएलओ को लोकतंत्र की असली नींव बताया.

अपने पुराने कॉलेज पहुंचकर भावुक हुए ज्ञानेश कुमार

कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज परिसर में पहुंचते ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त पुराने दिनों की यादों में खो गए. अपने संबोधन में उन्होंने लखनऊ से जुड़े अपने पुराने रिश्ते का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि लखनऊ उनके लिए सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि उनकी कर्मभूमि है. ज्ञानेश कुमार ने कहा कि शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने यहीं से आगे की शिक्षा के लिए कदम बढ़ाया था. लंबे समय बाद उसी शहर में उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया से जुड़ा संदेश देने का अवसर मिलना उनके लिए भावुक क्षण है.

यहीं से मिला चुनौतियों से लड़ने का हौसला

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने विद्यार्थियों को अपने छात्र जीवन की यादें भी साझा कीं. उन्होंने कहा कि कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज में बिताया समय उनके जीवन का निर्णायक दौर रहा. उन्होंने बताया कि इस संस्थान से उन्हें सिर्फ किताबी ज्ञान ही नहीं मिला, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और विपरीत परिस्थितियों में चुनौतियों का सामना करने का हौसला भी मिला. यही अनुभव आगे चलकर उनके जीवन में काफी महत्वपूर्ण साबित हुआ.

चुनावी प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका पर दिया जोर

विद्यार्थियों से संवाद के दौरान ज्ञानेश कुमार ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं की भागीदारी को लेकर भी चर्चा की. उन्होंने बूथ स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव बताया. उन्होंने छात्रों से चुनावी प्रक्रिया को समझने और लोकतंत्र में अपनी जिम्मेदारी को पहचानने की अपील की.

जेन-जी के सवाल पर नहीं की कोई टिप्पणी

कार्यक्रम के दौरान मीडिया और छात्रों की ओर से ‘जेन-जी’ से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल पूछे गए. हालांकि, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं की. उन्होंने सवालों पर मौन साधा और आगे बढ़ गए. कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ज्ञानेश कुमार इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के लिए रवाना हुए, जहां उनके दौरे के अगले कार्यक्रम निर्धारित हैं.

Also read : आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश यादव पर बरसे ओपी राजभर, बोले- सपा-कांग्रेस ने झूठ बोलने का ठेका ले रखा है


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >