UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार से दो दिवसीय आगरा दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह 342 करोड़ रुपये की लागत वाली 53 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान में जनसभा को संबोधित करने के साथ विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से भी मुलाकात करेंगे.
जनसभा के साथ लाभार्थियों को देंगे सौगात
मुख्यमंत्री दोपहर में टाटा मैदान पहुंचकर सबसे पहले विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे. इसके बाद योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करेंगे और नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
53 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री 292.40 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिनमें 150 बेड वाले लेडी लॉयल अस्पताल, सीएम ग्रिड रोड, शास्त्रीपुरम स्टॉर्म वाटर ड्रेन, डीआईओएस भवन, वर्किंग वूमेन हॉस्टल और पर्यटन विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं. वहीं करीब 50.06 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी 17 परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे, जिनमें जिला कारागार की नई बैरक, सड़क, पुलिया और पार्क विकास जैसे कार्य शामिल हैं.
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ होगी समीक्षा बैठक
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री कमिश्नरी सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे. इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ अलग बैठक कर जिले की प्रमुख परियोजनाओं और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करेंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं.
रविवार को करेंगे कैशलेस योजना का उद्घाटन
मुख्यमंत्री शनिवार रात आगरा में प्रवास करेंगे. रविवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के शिवाजी मंडपम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 'कैशलेस योजना' का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद केंद्रीय हिन्दी संस्थान पहुंचने के बाद हेलिकॉप्टर से मैनपुरी के लिए रवाना होंगे.
489 करोड़ की परियोजनाओं से फतेहपुर को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे में फतेहपुर को 489.14 करोड़ रुपये की लागत वाली 125 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. इन योजनाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और पुलिस व्यवस्था को मजबूती मिलेगी. महना गांव में बच्चों के लिए पुस्तकालय कक्ष का निर्माण कराया जाएगा, जबकि पशु जन्म नियंत्रण केंद्र और साइबर थाना के प्रशासनिक भवन की भी सौगात मिलेगी. इसके अलावा ग्रामीण पेयजल योजनाओं, सड़कों के चौड़ीकरण, मेडिकल कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक, विद्यालयों और खेल सुविधाओं के विकास से जिले के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी.
Must Read- लखनऊ अग्निकांड का 'फुल एंड फाइनल' हिसाब, चार मंजिला इमारत पर चला LDA का बुलडोजर
