UP News: अयोध्या के कोतवाली नगर क्षेत्र में बुधवार दोपहर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के 80 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी रामपाल सिंह ने अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
घर पर रहते थे रामपाल सिंह
रामपाल सिंह अयोध्या के देवकाली आदर्श नगर कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते थे. वह भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होने के बाद घर पर ही रहते थे. परिजनों के अनुसार, वह पिछले कई महीनों से मानसिक रूप से परेशान थे और उनका इलाज भी चल रहा था.
दोपहर करीब 12:30 बजे हुई घटना
बताया गया कि बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे रामपाल सिंह ने अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से खुद को गोली मार ली. गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. वहां रामपाल सिंह गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़े मिले. उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने बंदूक कब्जे में ली
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने रामपाल सिंह की लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में ले लिया है. पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है.
परिवार में मचा कोहराम
रामपाल सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में भी शोक की लहर है. वहीं, अचानक हुई इस घटना से देवकाली आदर्श नगर कॉलोनी के लोग भी सन्न रह गए.
