UP Electricity Bill: उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है. जहां सितंबर महीने में बिजली का बिल पहले के मुकाबले कम आएगा. पावर कार्पोरेशन ने सितंबर के लिए 7.93 फीसदी की कमी का आदेश जारी किया है. इसका सीधा फायदा प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा और उन्हें कुल मिलाकर करीब 604 करोड़ रुपये की राहत मिलने की उम्मीद है.
सितंबर में बिजली बिल में होगी 7.93% की कमी
पावर कार्पोरेशन के आदेश के मुताबिक, सितंबर महीने में बिजली उपभोक्ताओं के बिल में 7.93 फीसदी की कमी की जाएगी. यह कमी ईंधन एवं बिजली खरीद समायोजन अधिभार यानी एफपीपीएएस में की गई है. इससे उपभोक्ताओं पर बिजली बिल का बोझ कुछ कम होगा.
उपभोक्ताओं को मिलेगा करीब 604 करोड़ रुपये का फायदा
राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि सितंबर महीने के लिए एफपीपीएएस में 7.93 प्रतिशत की कमी का आदेश जारी हो चुका है. इस फैसले से प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को करीब 604 करोड़ रुपये का फायदा होगा.
जुलाई और अगस्त में भी मिली थी राहत
बिजली उपभोक्ताओं को इससे पहले भी एफपीपीएएस में कमी का लाभ मिल चुका है. जुलाई महीने में 4.43 फीसदी और अगस्त महीने में 2.92 फीसदी की कमी की गई थी. अब सितंबर में यह राहत बढ़कर 7.93 फीसदी हो गई है.
वास्तविक बिजली खरीद लागत के आधार पर हो समायोजन
विद्युत नियामक आयोग की ओर से एफपीपीएएस की गणना को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद का कहना है कि अब यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि समायोजन केवल संबंधित अवधि की वास्तविक विद्युत क्रय लागत और अनुमन्य ट्रांसमिशन शुल्क के आधार पर ही किया जाए. इससे बिजली बिल में होने वाले समायोजन की गणना निर्धारित नियमों के मुताबिक हो सकेगी और उपभोक्ताओं को इसका सही लाभ मिल पाएगा.
