युवाओं के लिए CM योगी की नसीहत, ड्रग्स और स्मार्टफोन के नशे से रहें दूर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को ड्रग्स और स्मार्टफोन के अत्यधिक इस्तेमाल के खतरों के बारे में चेतावनी दी है. उन्होंने खेलों को अपनाने और स्वस्थ जीवन शैली पर जोर दिया.

UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को ड्रग्स और स्मार्टफोन के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर आगाह किया है. गोरखपुर में प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के समापन समारोह में सीएम योगी ने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें नशे और मानसिक तनाव से दूर रखा जा सकता है. उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन पर बिताए जाने वाले समय का करीब 90 फीसदी हिस्सा फिजूल होता है.

दो तरह के नशे से युवा पीढ़ी को खतरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मौजूदा समय में दो तरह के नशे युवा पीढ़ी के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं. पहला ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों का नशा है, जबकि दूसरा स्मार्टफोन का बढ़ता हुआ नशा है. उन्होंने कहा कि नशा माफिया युवा पीढ़ी को अपने जाल में फंसाकर देश को कमजोर करना चाहता है. इसके खिलाफ हर जागरूक नागरिक और राष्ट्रभक्त को लड़ाई लड़ने के लिए तैयार रहना होगा.

स्मार्टफोन का 90 फीसदी इस्तेमाल फिजूल: योगी

सीएम योगी ने युवाओं को स्मार्टफोन के इस्तेमाल को लेकर भी नसीहत दी. उन्होंने कहा कि युवा जितना समय स्मार्टफोन पर बिताते हैं, उसका करीब 90 फीसदी हिस्सा फिजूल होता है. अगर युवा अपने रोजाना के 5-6 घंटे बचाकर उसमें से सिर्फ एक घंटा अपने शरीर को दें तो वे स्वस्थ रह सकते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि शरीर स्वस्थ होगा तो मस्तिष्क भी स्वस्थ रहेगा. स्वस्थ मस्तिष्क के साथ युवा भारत को मजबूत और समर्थ बनाने में बेहतर योगदान दे सकेंगे. इससे वे मानसिक तनाव से भी बचेंगे और जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहेंगे.

खेलों से जुड़ेंगे युवा तो नशे से रहेंगे दूर

गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता के समापन समारोह में सीएम योगी ने कहा कि खेल और खेलकूद की गतिविधियों से जितना ज्यादा युवा जुड़ेगा, उतना ही वह नशे से दूर रहेगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की ओर से खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं. खेलो इंडिया, फिट इंडिया, सांसद और विधायक खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ ग्रामीण स्तर पर भी खेल लीग को आगे बढ़ाया जा रहा है.

'माफिया प्रवृत्ति युवा शक्ति की सबसे बड़ी दुश्मन'

सीएम योगी ने कहा कि माफिया प्रवृत्ति युवा शक्ति की सबसे बड़ी दुश्मन है. चाहे शिक्षा माफिया हो, नकल माफिया, खेल माफिया, ड्रग माफिया या किसी अन्य क्षेत्र का माफिया—इसका सबसे ज्यादा नुकसान युवाओं को होता है. उन्होंने कहा कि युवा के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले माफियाओं के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है. ऐसे लोगों की संपत्ति जब्त करने से लेकर अन्य कानूनी कार्रवाई तक की जा रही है.

पूर्व की सरकारों पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके एजेंडे में युवाओं और खेलों के लिए कोई खास जगह नहीं थी. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में रहने के दौरान युवाओं के हितों के लिए पर्याप्त काम नहीं किया गया और व्यवस्थाओं पर माफिया का प्रभाव बढ़ता गया. सीएम ने कहा कि आज कुछ लोग युवाओं की बात करते हैं, लेकिन वास्तव में उनका उद्देश्य युवाओं का इस्तेमाल करना है. उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ खेलों और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने की अपील की.

यूपी के तीन खिलाड़ियों ने जीते मेडल

मुख्यमंत्री ने पिछले वर्षों में खेल के क्षेत्र में हुए बदलाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भारत की खेल संस्कृति में व्यापक परिवर्तन आया है. हाल में हुए कॉमनवेल्थ खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और देश के लिए पदक जीते. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के नौ खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिनमें से तीन खिलाड़ियों ने देश के लिए पदक हासिल किए. इनमें एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल शामिल है.

Also read : हैट्रिक के मिशन पर CM योगी का मास्टर प्लान तैयार, एक फैसले से बढ़ सकती है विपक्ष की मुश्किल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >