UP CM Yogi Adityanath: वाराणसी के पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के बाबतपुर में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिला सशक्तीकरण अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री करीब 10 हजार महिलाओं को सम्मानित करेंगे. कार्यक्रम दोपहर दो बजे से आयोजित किया जाएगा.
विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाएं होंगी सम्मानित
कार्यक्रम में विभिन्न महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ समाज में जागरुकता और जनसेवा का काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा. इनमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं, सफाईकर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका, पंचायत सहायक, आशा संगिनी, एएनएम, शिक्षामित्र, रसोइया और शौचालय की केयरटेकर शामिल हैं.
40 हजार वर्ग फीट में बनाया गया पंडाल
महिला सम्मान कार्यक्रम के लिए करीब 40 हजार वर्ग फीट में पंडाल तैयार किया गया है. इसमें 10 हजार महिलाओं के बैठने की व्यवस्था की गई है. पंडाल में महिलाओं के लिए आठ ब्लॉक बनाए गए हैं. अतिथियों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार की व्यवस्था की गई है.
मंत्री और भाजपा पदाधिकारी भी होंगे शामिल
पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि महिलाओं के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री और भाजपा संगठन के प्रदेश पदाधिकारी भी शामिल होंगे. कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
वीआईपी मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा कड़ी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को वीआईपी मार्ग और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की.
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए. वीआईपी मार्ग, कार्यक्रम स्थल और प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, इसके साथ ही ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें: UP के 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले में सुप्रीम कोर्ट में अंतिम बहस, चयनित शिक्षकों को हटाने के पक्ष में नहीं योगी सरकार
