यूपी के 8 जिलों में BS-6 वाहनों पर रोड टैक्स और पंजीकरण शुल्क 100% माफ

UP News: उत्तर प्रदेश सरकार ने वायु प्रदूषण रोकने के लिए 'परिवर्तन योजना' लागू की है. इसके तहत पुराने वाहनों को स्क्रैप कर नए BS-6 वाहन खरीदने पर पंजीकरण शुल्क और रोड टैक्स पर 100% की छूट मिलेगी. यह योजना विशेष रूप से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के 8 जिलों को लाभान्वित करेगी.

UP News: परिवर्तन योजना के तहत वायु प्रदूषण रोकने की पहल उत्तर प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा निर्णय लिया है. राज्य के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने घोषणा की है कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की 'परिवर्तन योजना' को राज्य में लागू कर दिया गया है. इस दूरगामी नीति का मुख्य उद्देश्य पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को सड़कों से हटाकर आधुनिक, सुरक्षित तथा पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाना है.

पुराने वाहनों को स्क्रैप कराकर नए BS-6 वाहन खरीदने पर छूट

इस विशेष योजना के अंतर्गत BS-1, BS-2, BS-3 और BS-4 श्रेणी के पुराने मालवाहनों जैसे ट्रक तथा बसों को स्क्रैप कराने पर वाहन स्वामियों को निक्षेप प्रमाण-पत्र मिलेगा. इस प्रमाण-पत्र के माध्यम से नए BS-6 डीजल, सीएनजी या इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर पंजीयन शुल्क और रोड टैक्स में पूरे 10 वर्षों के लिए 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी. इसके अलावा, पुराने BS-6 वाहनों की खरीद पर मार्ग कर में 50 प्रतिशत की छूट और एक वर्ष पुराना बकाया राजस्व माफ किया जाएगा.

ईवी प्रोत्साहन और NCR के 8 जिलों को मिलेगा सीधा फायदा

योजना के तहत नए BS-6 वाहन खरीदने पर वाहन निर्माताओं की ओर से 8 प्रतिशत तक की छूट, 5 वर्ष का ईंधन वाउचर और 5 प्रतिशत ऋण अनुदान मिलेगा. इसके साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर 64 हजार से 2.56 लाख रुपये तक की एकमुश्त वित्तीय सहायता का प्रावधान है. यह लाभ मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर और शामली में मिलेगा. परिवहन मंत्री ने सभी वाहन स्वामियों से इस योजना का लाभ उठाकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने की अपील की है.

Must Read: लखनऊ ट्रिपल मर्डर: कोर्ट से लौटने के बाद शुरू हुई खौफनाक साजिश,18 अगस्त की अदालती तारीख बनी इस सनसनीखेज


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शशांक शेखर मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >